डुमरांव में विकास की नई तस्वीर, मेडिकल कॉलेज से लेकर पंचायत स्तर की सुविधाओं पर जोर

80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ आजादी का पर्व मनाया गया। राज हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित अनुमंडल स्तरीय मुख्य समारोह में एसडीएम राजीव कुमार और डीएसपी पोलस्त कुमार ने तिरंगे को सलामी दी।

डुमरांव में विकास की नई तस्वीर, मेडिकल कॉलेज से लेकर पंचायत स्तर की सुविधाओं पर जोर

__ स्वतंत्रता दिवस समारोह में एसडीएम ने गिनाईं विकास योजनाएं, डीएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था की दी जानकारी; एनसीसी कैडेटों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड

केटी न्यूज/डुमरांव।

80वें स्वतंत्रता दिवस पर शनिवार को डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र देशभक्ति और उत्साह से सराबोर रहा। सरकारी व गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ आजादी का पर्व मनाया गया। राज हाई स्कूल के खेल मैदान में आयोजित अनुमंडल स्तरीय मुख्य समारोह में एसडीएम राजीव कुमार और डीएसपी पोलस्त कुमार ने तिरंगे को सलामी दी। एनसीसी कैडेटों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। बारिश के कारण मैदान में कीचड़ होने के बावजूद समारोह में लोगों का उत्साह कम नहीं हुआ।समारोह को संबोधित करते हुए एसडीएम राजीव कुमार ने अनुमंडल में चल रही विकास योजनाओं और प्रशासन की प्राथमिकताओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सभी पंचायतों में शिविर लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुना जा रहा है और संबंधित विभागों के माध्यम से समाधान की कार्रवाई की जा रही है।

__ स्वास्थ्य और शिक्षा को मिल रहा विस्तार

एसडीएम ने बताया कि डुमरांव में मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल निर्माण की दिशा में कार्य आगे बढ़ रहा है। एएनएम और जीएनएम कॉलेज का निर्माण पूरा हो चुका है। आदफा में बालिका आवासीय विद्यालय का बहुमंजिला भवन तैयार है, जहां 117 छात्राओं का नामांकन हो चुका है। यहां छात्राओं के आवास, पढ़ाई और खेलकूद की सुविधा उपलब्ध होगी।ग्रामीण विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए शहर जाने से राहत देने के उद्देश्य से प्रखंड स्तर पर डिग्री कॉलेज विकसित किए जा रहे हैं। केसठ में पठन-पाठन शुरू हो चुका है, जबकि ब्रह्मपुर में कॉलेज निर्माण के लिए स्थल चयन कर लिया गया है।

__ 19 करोड़ से एनएच-120 का होगा निर्माण

एसडीएम ने बताया कि डुमरांव में एनएच-120 के निर्माण के लिए 19 करोड़ रुपये प्रस्तावित किए गए हैं। सड़क के दोनों किनारों पर नाला निर्माण भी कराया जाएगा। बरसात समाप्त होने के बाद निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है। नगर के कचरा निस्तारण के लिए ब्रह्मपुर के चमरहा खुर्द मौजा में एमआरएफ के लिए जमीन चिन्हित की गई है। निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक-दो माह में कचरा निस्तारण शुरू होने की संभावना है।

__ खेल और जनसुविधाओं पर भी फोकस

सिमरी के अर्जुनपुर में खेल मैदान निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि चौगाईं के मुरार में कार्य जारी है। अनुमंडल के सातों अंचलों में लाभुकों को बासगीत पर्चे दिए गए हैं। डुमरांव में निबंधन कार्यालय के लिए स्थल चयन हो चुका है। पंचायत सरकार भवनों में आरटीपीएस काउंटर शुरू होने से ग्रामीणों को प्रमाणपत्र और अन्य दस्तावेजों के लिए __ मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।डीएसपी पोलस्त कुमार ने कहा कि डायल-112 के माध्यम से पुलिस त्वरित सहायता पहुंचा रही है। बेटियों की सुरक्षा के लिए अभया ब्रिगेड सक्रिय है और स्कूल-कॉलेजों के आसपास मनचलों पर कार्रवाई की जा रही है।

__ नगर परिषद समेत विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण

नगर परिषद में कार्यकारी सभापति विकास ठाकुर और कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने ध्वजारोहण किया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। व्यापार मंडल में अध्यक्ष अशोक कुमार सिंह, डुमरांव थाना में थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा तथा निबंधन कार्यालय में अवर निबंधन पदाधिकारी राधा रानी ने तिरंगा फहराया। थाना परिसर में बच्चों के बीच मिठाइयां भी बांटी गईं।

__ ये रहे मौजूद: 

राज हाई स्कूल मैदान में स्वच्छता पदाधिकारी राजीव कुमार, स्तुति सिन्हा, समाजसेवी ब्रह्मा ठाकुर, बीपीआरओ रोहिणी कुमारी, बीसी करुणा निधि पांडेय, दुर्गेश सिंह, शिक्षक अनुराग मिश्रा, मोहन जी गुप्ता सहित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।