__ मामूली कहासुनी में खूनी हुआ भाइयों का रिश्ता, मणियां गांव में सनसनीखेज वारदात से पसरा मातम; हत्या के बाद पत्नी-बच्चे के साथ भाग रहे आरोपित को पुलिस ने आरा स्टेशन से दबोचा, पत्नी भी हिरासत में
केटी न्यूज/नावानगर।
रिश्तों की डोर जब ईर्ष्या और नफरत की आग में जलने लगे तो उसका अंजाम कितना भयावह हो सकता है, इसकी दर्दनाक बानगी मंगलवार की सुबह सोनवर्षा थाना क्षेत्र के मणियां गांव में देखने को मिली। जिस बड़े भाई से छोटे भाई को स्नेह और संरक्षण की उम्मीद थी, उसी पर उसकी हत्या करने का आरोप है। मामूली कहासुनी के बाद बड़े भाई ने कथित तौर पर कट्टा निकालकर छोटे भाई को गोली मार दी। गोली लगते ही 40 वर्षीय विवेक शर्मा उर्फ अमित कुमार शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस वारदात ने न सिर्फ एक परिवार को उजाड़ दिया, बल्कि महज दो माह पहले जन्मे मासूम के सिर से पिता का साया भी हमेशा के लिए छीन लिया।

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित चंदन कुमार शर्मा अपनी पत्नी और बच्चे के साथ मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पीछा किया और उसे आरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पत्नी को भी हिरासत में लिया गया है। वहीं, आरोपित के 12 वर्षीय बच्चे को उसके नाना-नानी के सुपुर्द कर दिया गया है।
__ बच्चे के जन्म की खुशियां मातम में बदलीं

इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू मृतक का पारिवारिक जीवन है। करीब 10-12 वर्षों के दांपत्य जीवन के बाद दो माह पहले ही विवेक के घर बेटे का जन्म हुआ था। लंबे इंतजार के बाद घर में किलकारियां गूंजी थीं। पति-पत्नी दोनों बच्चे के आगमन से बेहद खुश थे। परिवार में खुशियों का माहौल था, लेकिन किसे पता था कि महज दो माह बाद ही उसी मासूम के जीवन से पिता का साथ छिन जाएगा। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। मां देवंती देवी और पिता कन्हैया शर्मा की आंखों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। जिस घर में कुछ दिन पहले बच्चे के जन्म की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब चीख-पुकार और मातम पसरा है।
__ चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था मृतक

ग्रामीणों के अनुसार, विवेक चार भाइयों में दूसरे नंबर पर था, जबकि हत्या का आरोपित चंदन सबसे बड़ा भाई बताया जा रहा है। मंगलवार की सुबह दोनों भाइयों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान चंदन ने कट्टा निकाल लिया। परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने गोली चला दी। गोली विवेक को लगी और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। देखते ही देखते पारिवारिक विवाद ने एक परिवार की दुनिया उजाड़ दी।
__ एसडीपीओ के नेतृत्व में त्वरित कार्रवाई, आरा स्टेशन से गिरफ्तारी

घटना की सूचना मिलते ही सोनवर्षा थानाध्यक्ष राजीव रंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। घटनास्थल के समीप से वारदात में प्रयुक्त कट्टा भी बरामद किया गया। सूचना मिलने पर डुमरांव एसडीपीओ भास्कर रंजन और एफएसएल की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। एसडीपीओ ने मृतक की मां और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली तथा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। पुलिस ने पीछा करते हुए फरार आरोपित को आरा स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
आर्थिक तरक्की और बेटे के जन्म से ईर्ष्या की आशंका

एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जो बातें सामने आई हैं, उनके अनुसार मृतक का व्यवसाय अच्छा चल रहा था और उसने अपने नाम पर जमीन भी खरीदी थी। करीब दो माह पहले उसके घर बेटे का जन्म हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इसके बाद से बड़े भाई के मन में उसके प्रति ईर्ष्या की भावना बढ़ गई थी। इसी रंजिश में हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद मणियां गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है। एक मां की गोद सूनी हो गई, एक पत्नी का सुहाग उजड़ गया और दो माह का मासूम उस पिता की तस्वीर के सहारे बड़ा होगा, जिसका चेहरा पहचानने का अवसर भी उसे नहीं मिल सका।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।