पी.सी. कॉलेज कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में धरती आबा को दी गई श्रद्धांजलि, वक्ताओं ने शिक्षा, एकजुटता और सामाजिक सशक्तीकरण पर दिया जोर
केटी न्यूज/बक्सर।
बक्सर के पी.सी. कॉलेज कॉलोनी में शनिवार को भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के महानायक एवं आदिवासी समाज के गौरव भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती तथा 'जनजातीय गौरव दिवस' हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उनके तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी और उनके संघर्षों एवं बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा खरवार महासभा, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष राजेश खरवार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के खिलाफ 'उलगुलान' का बिगुल फूंका था। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात करने तथा संगठन के माध्यम से समाज को मजबूत बनाने की अपील की।

मुख्य वक्ता प्रो. चन्दन खरवार ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं। उन्होंने युवाओं को शिक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि उच्च शिक्षा ही समाज के सर्वांगीण विकास और अधिकारों की रक्षा का सबसे सशक्त माध्यम है। अन्य वक्ताओं ने भी आदिवासी समाज के गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और देश की आजादी में उसके योगदान पर प्रकाश डाला। साथ ही सामाजिक एकजुटता और शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में अधिवक्ता धनु जी खरवार, प्रो. जितेंद्र यादव, लांस नायक चन्दन खरवार, रामकेश्वर खरवार, संतोष खरवार, शिक्षक रवि खरवार, शुभम खरवार, हरिकेश खरवार, युवा खरवार महासभा बक्सर के जिलाध्यक्ष परमानंद खरवार, उपाध्यक्ष नंदू खरवार, सचिव शैलेश खरवार सहित दिलीप खरवार, आनन्द, अंकित, रघुकुल नंदन, अमित, विद्या कुमारी समेत बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी एवं युवा उपस्थित रहे।



टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।