__ संस्थापक सदस्य से राज्यसभा सांसद और उद्योगपति तक का सफर रहा प्रेरणादायी; नेताओं ने कहा- राष्ट्रसेवा और समाजोत्थान के प्रति उनका समर्पण सदैव याद किया जाएगा
केटी न्यूज/सिमरी।
भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्य, पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एसआईएस के संस्थापक रविन्द्र कुमार सिन्हा उर्फ आर.के. सिन्हा के निधन पर भाजपा ब्रह्मपुर विधानसभा के तत्वावधान में आशा पड़री में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता बंशीधर पांडेय ने की। इस दौरान भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके व्यक्तित्व, संघर्ष तथा राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद किया।सभा को संबोधित करते हुए चक्की मंडल अध्यक्ष विनोद कुमार उपाध्याय ने कहा कि आर.के. सिन्हा जैसे कर्मठ और दूरदर्शी व्यक्तित्व विरले ही जन्म लेते हैं।

उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन की मजबूती और समाज के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उनका जीवन संघर्ष, संकल्प और समर्पण की प्रेरक मिसाल है। उनका निधन संगठन और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।बगेन मंडल अध्यक्ष उदय उज्जैन ने कहा कि आर.के. सिन्हा का जीवन प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। भाजपा की स्थापना के दौर से ही उन्होंने संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक साधारण कार्यकर्ता से राज्यसभा सांसद और एसआईएस जैसे प्रतिष्ठित संस्थान के संस्थापक तक का उनका सफर उनकी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है। उनके विचारों और आदर्शों को अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा नेता बबलू ओझा ने कहा कि पत्रकारिता, राजनीति, उद्योग और सामाजिक क्षेत्र में आर.के. सिन्हा ने अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा।अंत में उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।मौके पर पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिंह, जिला उपाध्यक्ष अनिल पांडेय, हरेंद्र ठाकुर, आतिश लाल, दिलीप मिश्रा, मनजी पासवान, लक्ष्मण श्रीवास्तव, वीरेंद्र पासवान, गुड्डू राय, प्रमोद साह, अरुण राय, किरण देवी, माया देवी सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।