चौसा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई कांशीराम साहब की जयंती
चौसा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित चौसा ताप विद्युत मजदूर संघ के कार्यालय परिसर में रविवार को बहुजन समाज के महानायक और प्रख्यात समाज सुधारक कांशीराम साहब की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने जुटकर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया।
__ वक्ताओं ने कहा— संघर्ष, संगठन और सामाजिक न्याय के प्रतीक थे बहुजन समाज के महानायक
केटी न्यूज/चौसा
चौसा नगर पंचायत क्षेत्र स्थित चौसा ताप विद्युत मजदूर संघ के कार्यालय परिसर में रविवार को बहुजन समाज के महानायक और प्रख्यात समाज सुधारक कांशीराम साहब की जयंती श्रद्धा, सम्मान और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोगों ने जुटकर उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को नमन किया।कार्यक्रम की शुरुआत कांशीराम साहब के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर तथा उनके बताए मार्ग को स्मरण करते हुए की गई। इसके बाद आयोजित सभा में उपस्थित वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और बहुजन समाज के उत्थान के लिए किए गए प्रयासों को याद किया।

सभा को संबोधित करते हुए चौसा ताप विद्युत मजदूर संघ के महामंत्री सह पूर्व जिला पार्षद अधिवक्ता डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि कांशीराम साहब दूरदर्शी नेता, कुशल संगठनकर्ता और बहुजन समाज के सच्चे हितैषी थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीब, शोषित, वंचित और उपेक्षित वर्गों को अधिकार, सम्मान और न्याय दिलाने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि कांशीराम साहब ने पिछड़ा एवं अल्पसंख्यक समुदाय कर्मचारी महासंघ तथा दलित शोषित समाज संघर्ष समिति जैसे संगठनों की स्थापना कर बहुजन समाज को संगठित करने और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करने का ऐतिहासिक कार्य किया।डॉ. यादव ने कहा कि कांशीराम साहब का जीवन संघर्ष, समर्पण और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर आंदोलन का प्रतीक रहा है। उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा देने वाले हैं।

उन्होंने शिक्षा, संगठन और संघर्ष के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाने का संदेश दिया तथा समानता, भाईचारा और न्यायपूर्ण व्यवस्था स्थापित करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में बुद्धिजीवी विकास मंच के संयोजक प्रो. रमेश चंद्र श्रीवास्तव, रामाशीष कुशवाहा, बहुजन समाज पार्टी के चौसा प्रखंड अध्यक्ष विजय राम, अधिवक्ता राम लखन पाल, डॉ. सुनील कुमार सिंह, अजीत कुमार, भुवर राइन, दिलबहार चौधरी, गंगापुत्र भरत पांडे, मुन्ना चौधरी, मुन्ना खरवार, विनोद कुमार सिंह, प्रमोद कुमार और समीम साईं सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने कांशीराम साहब के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक एकता और न्याय के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

