लू से जंग के लिए बक्सर तैयार: डीएम ने विभागों को दिए सख्त निर्देश

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में हीट वेव से बचाव को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि लू से जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

लू से जंग के लिए बक्सर तैयार: डीएम ने विभागों को दिए सख्त निर्देश

__ पियाऊ, ओआरएस, शीतल कक्ष से लेकर मजदूरों के समय निर्धारण तक हर स्तर पर व्यापक तैयारी

केटी न्यूज/बक्सर

जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में हीट वेव से बचाव को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रहने और त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। डीएम ने स्पष्ट कहा कि लू से जनहानि रोकना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।नगर विकास एवं आवास विभाग को शहरी क्षेत्रों में सार्वजनिक स्थानों पर पियाऊ की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लू से बचाव संबंधी सूचनाएं कलर कोडिंग के साथ प्रदर्शित करने का निर्देश दिया गया। खराब चापाकलों की युद्धस्तर पर मरम्मत और स्लम क्षेत्रों में पेयजल व दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों में लू प्रभावित मरीजों के इलाज हेतु विशेष व्यवस्था करने, ओआरएस, आईवी फ्लूड और जीवनरक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा जरूरत पड़ने पर आइसोलेशन वार्ड और शीतल कक्ष तैयार रखने का निर्देश दिया गया। बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को खराब चापाकलों की मरम्मत और पेयजल संकट वाले क्षेत्रों में टैंकर से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही भूगर्भ जल स्तर की लगातार निगरानी पर बल दिया गया।शिक्षा विभाग को स्कूलों को सुबह की पाली में संचालित करने, पेयजल और ओआरएस की व्यवस्था तथा छात्रों को हीट वेव से बचाव की जानकारी देने के निर्देश मिले। आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी पेयजल, पंखा और जागरूकता सामग्री अनिवार्य करने को कहा गया।

मनरेगा कार्यों का समय बदलते हुए सुबह 6 से 11 बजे और शाम 3:30 से 6:30 बजे तक निर्धारित किया गया। श्रम विभाग को भी इसी समय-सारणी के पालन और मजदूरों के लिए छाया, पानी व प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।परिवहन विभाग को दोपहर में वाहनों का परिचालन सीमित करने, जबकि ऊर्जा विभाग को ढीले बिजली तारों की मरम्मत कर आगजनी रोकने के निर्देश दिए गए।डीएम ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को फ्लैक्स, सोशल मीडिया और जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आमजन सतर्क रहें और सुरक्षित रहे।