नो-इंट्री उल्लंघन रोकने के लिए नया भोजपुर थाना की कड़ी पहल, अंडरपास पर पुलिसकर्मियों की तैनाती
नया भोजपुर थाने की पुलिस ने शहर में लागू नो-इंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराने के उद्देश्य से प्रभावी कदम उठाया है। लगातार मिल रही शिकायतों के अनुसार भारी वाहन निर्धारित समय से पहले ही शहर में प्रवेश कर जा रहे थे, जिसके कारण विशेषकर डुमरांव बाजार क्षेत्र में जाम की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही थी। इसी परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने पुराना भोजपुर अंडरपास के पास दो पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई है।
केटी न्यूज/डुमरांव

इस व्यवस्था के तहत सिपाही जितेंद्र कुमार और छोटेलाल को प्रतिदिन रात 10 बजे से पहले किसी भी ट्रक, ट्रेलर या अन्य भारी वाहन को शहर की सीमा में प्रवेश करने से रोकने की जिम्मेदारी दी गई है। पुलिस का कहना है कि नो-इंट्री लागू होने के बावजूद कई चालक नियमों की अनदेखी कर प्रतिबंधित समय में भी बड़े वाहनों को अंडरपास से शहर में ले आते थे, जिससे जाम के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती थी।
स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या से परेशान थे और पुलिस को लगातार शिकायतें भी मिल रही थीं। हाल ही में नो-इंट्री उल्लंघन करने वाले कई वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 60 हजार रुपये का चालान भी वसूला गया था, लेकिन इसके बावजूद स्थिति में पूरी तरह सुधार नहीं आया। ऐसे में अंडरपास पर अतिरिक्त निगरानी की आवश्यकता महसूस की गई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि नई व्यवस्था से न सिर्फ नियमों का पालन कराने में मदद मिलेगी, बल्कि शहर की यातायात व्यवस्था भी सुव्यवस्थित होगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि कल से अब तक कुल 30 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लगभग डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया है, जो पुलिस की कड़ी कार्रवाई का परिणाम है।

नया भोजपुर थाना की इस पहल की स्थानीय नागरिकों ने सराहना की है। लोगों का कहना है कि अंडरपास पर पुलिसकर्मियों की तैनाती से जहां जाम की समस्या में कमी आएगी, वहीं भारी वाहनों के मनमाने प्रवेश पर भी रोक लग सकेगी। इससे सड़क सुरक्षा में सुधार होगा और दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम होंगी। पुलिस का यह कदम शहर में यातायात को सुचारू और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।