मानसून तैयारी और स्वच्छता व्यवस्था पर डीएम सख्त, नगर निकायों को दिए कई अहम निर्देश
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित योजनाओं, मानसून पूर्व तैयारियों तथा शहरी क्षेत्रों की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद रहे।

केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में नगर विकास एवं आवास विभाग से संबंधित योजनाओं, मानसून पूर्व तैयारियों तथा शहरी क्षेत्रों की साफ-सफाई व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी नगर परिषद एवं नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी मौजूद रहे।बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने आगामी मानसून को देखते हुए सभी नगर निकायों को नालों की समुचित सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वर्षा के दौरान कहीं भी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं।

संभावित पेयजल संकट को ध्यान में रखते हुए सभी चापाकलों को क्रियाशील रखने तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया गया।स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने पर जोर देते हुए जिलाधिकारी ने पिंक टॉयलेट निर्माण कार्य में तेजी लाने, शहरों में कचरा संग्रहण स्थलों की संख्या को शून्य तक लाने तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। संचारी रोगों की रोकथाम के लिए नियमित एंटी लार्वा दवा के छिड़काव और साफ-सफाई अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने पर भी बल दिया गया।

नगर परिषद बक्सर को नगर क्षेत्र एवं रामरेखा घाट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा बुडको द्वारा निर्माणाधीन मोक्षधाम परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के लिए संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया। वहीं नगर पंचायत ब्रह्मपुर को आगामी श्रावणी मेला के मद्देनजर मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा गया।बैठक में मांस, फल एवं सब्जी विक्रेताओं तथा फूड कोर्ट के लिए समर्पित वेंडिंग जोन विकसित करने, महिलाओं की सुरक्षित यात्रा के लिए पिंक बस संचालन के प्रस्ताव तथा शहरी पोखरों के सौंदर्यीकरण की योजना पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी योजनाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।

