छठ घाटों की स्वच्छता का संदेशवाहक बनें बच्चे, अजय राय ने दिलाया संकल्प

लोक आस्था के महापर्व छठ को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की पहल के तहत डुमरांव नगर परिषद के स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेसडर अजय राय ने महाजनी मध्य विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए छठ पूजा के दौरान घर से लेकर छठ घाट तक साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की।

छठ घाटों की स्वच्छता का संदेशवाहक बनें बच्चे, अजय राय ने दिलाया संकल्प

__ महाजनी मध्य विद्यालय में चला जागरूकता अभियान, घर से लेकर गलियों और जलस्रोतों तक सफाई रखने की अपील

केटी न्यूज/डुमरांव। 

लोक आस्था के महापर्व छठ को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की पहल के तहत डुमरांव नगर परिषद के स्वच्छता अभियान के ब्रांड एम्बेसडर अजय राय ने महाजनी मध्य विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को स्वच्छता के महत्व से अवगत कराते हुए छठ पूजा के दौरान घर से लेकर छठ घाट तक साफ-सफाई बनाए रखने की अपील की। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता का संदेश अपने परिवार और आसपास के लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

अजय राय ने कहा कि छठ महापर्व आस्था, अनुशासन, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक है। ऐसे में पर्व की पवित्रता बनाए रखने के लिए पूजा स्थलों के साथ-साथ सड़कों, गलियों, पोखरों, तालाबों और नदियों की स्वच्छता पर भी विशेष ध्यान देना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जलस्रोतों में प्लास्टिक, पूजन सामग्री और अन्य कचरा डालने से प्रदूषण बढ़ता है। इसलिए छठ घाटों को स्वच्छ रखने के लिए सभी लोगों को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

__ बच्चों की पहल से बदलेगी शहर की तस्वीर

अभियान के दौरान छात्राओं को गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरे को निर्धारित कूड़ेदान में डालने की जानकारी दी गई। अजय राय ने कहा कि स्वच्छता केवल पर्व-त्योहारों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन की आदत बनाना होगा। बच्चे इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। वे स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ अपने परिजनों और पड़ोसियों को भी जागरूक कर सकते हैं।उन्होंने स्वच्छ डुमरांव–सुंदर डुमरांव के लक्ष्य को पूरा करने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ की परंपराओं और पवित्रता को बनाए रखने के साथ सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखना भी सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा नगर परिषद के स्वच्छता साथी भी मौजूद रहे।