बक्सर में विकास योजनाओं की हकीकत पर डीएम की पैनी नजर, अटल कला भवन से सड़क चौड़ीकरण तक का निरीक्षण
नगर परिषद बक्सर क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं और ‘प्रगति यात्रा’ के तहत घोषित कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी साहिला ने विभिन्न स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम के साथ डीएम ने निर्माण कार्यों की स्थिति, गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।

__ दिसंबर 2026 तक पूरा होगा अटल कला भवन, अतिक्रमण हटाने व गुणवत्तापूर्ण निर्माण के सख्त निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
नगर परिषद बक्सर क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं और ‘प्रगति यात्रा’ के तहत घोषित कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी साहिला ने विभिन्न स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों की टीम के साथ डीएम ने निर्माण कार्यों की स्थिति, गुणवत्ता और समयसीमा को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए।इस दौरान उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, भवन निर्माण विभाग और पथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

डीएम ने सभी योजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।सबसे पहले आईटीआई मैदान पहुंचकर डीएम ने 620 दर्शक क्षमता वाले निर्माणाधीन ‘अटल कला भवन’ का निरीक्षण किया। भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि यह परियोजना कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार द्वारा कराई जा रही है और इसे दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है। इस पर डीएम ने आसपास के क्षेत्र में साफ-सफाई बनाए रखने और योजना से संबंधित डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि आम लोगों को परियोजना की जानकारी मिल सके।

इसके बाद डीएम ने आईटीआई मैदान में प्रस्तावित स्टेडियम निर्माण कार्य की प्रगति के बारे में जानकारी ली। भवन निर्माण निगम के अधिकारियों ने बताया कि स्टेडियम के मुख्य द्वार का निर्माण कार्य जारी है तथा मैदान के लेआउट पर भी काम चल रहा है। डीएम ने इस परियोजना को भी समयसीमा के भीतर पूरा करने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने की हिदायत दी।निरीक्षण के दौरान पथ निर्माण विभाग द्वारा कराए जा रहे 4.20 किलोमीटर लंबे सड़क चौड़ीकरण कार्य की भी समीक्षा की गई। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि इस परियोजना के तहत नालों पर चेकर टाइल्स, पेवर ब्लॉक, फुटपाथ निर्माण तथा बिटुमिनस कार्य अभी शेष हैं।

इस पर डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सड़क निर्माण पूरी गुणवत्ता के साथ किया जाए और नालों का निर्माण सड़क के लेवल के अनुरूप हो, ताकि बारिश के दौरान पानी का निकास सुचारू रूप से हो सके और जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो।निरीक्षण के दौरान डीएम ने नगर परिषद बक्सर के कार्यपालक पदाधिकारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि आईटीआई मैदान के आसपास के क्षेत्रों में अवैध एवं अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इसमें लापरवाही बरतने पर संबंधित पदाधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

डीएम साहिला ने सभी अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग और तय समय सीमा में पूर्णता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कुल मिलाकर डीएम का यह निरीक्षण जिले में चल रही विकास योजनाओं की रफ्तार को तेज करने और कार्यों में पारदर्शिता लाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

