बक्सर में अग्नि सुरक्षा को लेकर सख्ती, 375 भवनों का फायर ऑडिट, 10 हॉट स्पॉट चिन्हित
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित अग्निशमन समीक्षा बैठक में जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यालय के आसपास स्थित सभी सरकारी भवनों एवं महत्वपूर्ण संस्थानों का फायर ऑडिट कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।

केटी न्यूज/बक्सर
जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समाहरणालय सभाकक्ष में आयोजित अग्निशमन समीक्षा बैठक में जिले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यालय के आसपास स्थित सभी सरकारी भवनों एवं महत्वपूर्ण संस्थानों का फायर ऑडिट कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया।अग्नि सुरक्षा के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर अभियान चलाया जा रहा है। जनवरी 2025 से अब तक जिले के 15,538 स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जा चुकी है, जबकि यह प्रक्रिया प्रतिदिन जारी है।

वहीं अनुमंडल स्तर पर पदाधिकारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों—जैसे मुखिया, सरपंच एवं वार्ड सदस्यों—के साथ कार्यशालाएं एवं बैठकों का आयोजन कर अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। अब तक 124 स्थानों पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं।बैठक में बताया गया कि एनबीसी 2016, बिहार अग्निशमन सेवा अधिनियम 2014 एवं बिहार अग्निशमन सेवा नियमावली 2021 के मानकों के अनुरूप जिले के कुल 375 भवनों एवं संस्थानों का फायर ऑडिट किया जा चुका है, जबकि यह कार्य लगातार जारी है।

पिछले तीन वर्षों में हुए अग्निकांडों की समीक्षा के आधार पर जिले में 10 फायर हॉट स्पॉट चिन्हित किए गए हैं, जहां त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए अग्निशमन वाहनों की तैनाती की गई है। वर्तमान में बक्सर एवं डुमरांव अनुमंडल सहित चिन्हित थानों में कुल 11 अग्निशमन वाहन संचालन में हैं, जबकि एक वाहन की मरम्मत की जा रही है।संचार व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए अग्निशमन विभाग द्वारा टॉल फ्री नंबर एवं मोबाइल नंबर भी सक्रिय रखे गए हैं, ताकि आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

