श्रीबाबू की जयंती पर जुटेगा कांग्रेस का कुनबा, अखिलेश प्रसाद सिंह ने बक्सरवासियों को दिया न्योता

बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री और आधुनिक बिहार के निर्माता डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में भव्य समारोह आयोजित होगा। समारोह में बक्सर की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा सांसद एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह गुरुवार को बक्सर पहुंचे।

श्रीबाबू की जयंती पर जुटेगा कांग्रेस का कुनबा, अखिलेश प्रसाद सिंह ने बक्सरवासियों को दिया न्योता

__ 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में होगा भव्य आयोजन, आधुनिक बिहार के निर्माता के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील

केटी न्यूज/बक्सर।

बिहार के प्रथम मुख्यमंत्री और आधुनिक बिहार के निर्माता डॉ. श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर 25 अक्टूबर को पटना के बापू सभागार में भव्य समारोह आयोजित होगा। समारोह में बक्सर की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री, राज्यसभा सांसद एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह गुरुवार को बक्सर पहुंचे। उन्होंने कांग्रेसजनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और श्रीबाबू के विचारों में आस्था रखने वाले लोगों से समारोह में शामिल होने की अपील की।डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि डॉ. श्रीकृष्ण सिंह का योगदान बिहार के इतिहास में अविस्मरणीय है। उन्होंने औद्योगिक विकास, शिक्षा, आधारभूत संरचना और प्रशासनिक सुधारों के जरिए राज्य को नई पहचान दिलाई।

जमींदारी उन्मूलन जैसे ऐतिहासिक कदमों से लेकर विकास योजनाओं को गति देने तक, श्रीबाबू का नेतृत्व दूरदर्शिता और जनकल्याण का प्रतीक रहा। उनका जीवन स्वतंत्रता संग्राम, सामाजिक न्याय और राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण की मिसाल है।उन्होंने कहा कि पिछले 26 वर्षों से वे श्रीबाबू की जयंती पर बक्सर आकर अपने साथियों और शुभचिंतकों को व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित करते रहे हैं। इस बार भी उनका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पटना पहुंचाकर श्रीबाबू के विचारों और योगदान से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी।बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने कहा कि श्रीबाबू का जीवन त्याग, संघर्ष, सामाजिक समरसता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है।

उन्होंने भी कांग्रेसजनों के साथ समारोह में बड़ी संख्या में शामिल होने की प्रतिबद्धता जताई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा ने कहा कि श्रीबाबू की दूरदर्शी सोच आज भी बिहार के विकास के लिए प्रासंगिक है।आमंत्रण कार्यक्रम में पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी उर्फ मुन्ना तिवारी, करगहर विधायक संतोष मिश्र, राजपुर के पूर्व विधायक विश्वनाथ राम, कांग्रेस नेता भोला ओझा, त्रिजोगी नारायण मिश्रा, संजय दुबे, रामजतन यादव तथा प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. स्नेहाशीष वर्धन पाण्डेय सहित कई नेता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन आयोजन समिति के संयोजक प्रो. शशि भूषण पाण्डेय ने किया। मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित थे।