ब्रह्मपुर नगर पंचायत का 62.50 करोड़ का बजट प्रस्तावित, विकास कार्यों पर रहेगा जोर

नगर पंचायत ब्रह्मपुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 62 करोड़ 50 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित किया है। यह बजट नगर क्षेत्र के समग्र विकास, आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्रस्तावित बजट में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

ब्रह्मपुर नगर पंचायत का 62.50 करोड़ का बजट प्रस्तावित, विकास कार्यों पर रहेगा जोर

__  सड़क, जलापूर्ति, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता

केटी न्यूज/ब्रह्मपुर

नगर पंचायत ब्रह्मपुर ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 62 करोड़ 50 लाख रुपये का बजट प्रस्तावित किया है। यह बजट नगर क्षेत्र के समग्र विकास, आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। प्रस्तावित बजट में विभिन्न विकास योजनाओं के लिए पर्याप्त राशि का प्रावधान किया गया है, जिससे शहर के बुनियादी ढांचे में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर पंचायत की कुल अनुमानित आय 56.64 करोड़ रुपये रखी गई है, जबकि कुल व्यय 62.50 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।

सीमित आंतरिक संसाधनों को देखते हुए नगर पंचायत ने राज्य और केंद्र सरकार से मिलने वाले अनुदान पर विशेष भरोसा जताया है, ताकि विकास योजनाओं को गति दी जा सके।बजट में सड़क और नाला निर्माण, शहरी जलापूर्ति, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं ठोस कचरा प्रबंधन जैसे आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता दी गई है। इसके अलावा नगर क्षेत्र में सामुदायिक भवनों का निर्माण, ग्रीन पार्क का विकास, वेंडिंग जोन की स्थापना तथा बस स्टैंड के उन्नयन जैसी योजनाएं भी शामिल की गई हैं। घाट और श्मशान घाट के विकास, वाटर एटीएम की स्थापना और मल्टी स्टोरी शौचालय निर्माण को भी बजट में स्थान दिया गया है।

महिलाओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पिंक टॉयलेट के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है। साथ ही नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए जलापूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया है। नगर सौंदर्यीकरण, पौधारोपण और जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जल-जीवन हरियाली योजना के तहत भी विशेष प्रावधान किया गया है।इसके अतिरिक्त कर्मचारियों के वेतन, प्रशासनिक खर्च, संचालन एवं रखरखाव तथा विभिन्न जनहितकारी कार्यक्रमों के लिए भी बजट में राशि निर्धारित की गई है। नगर पंचायत प्रशासन का कहना है कि यह बजट शहर के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

अधिकारियों के अनुसार, बजट के प्रभावी क्रियान्वयन से ब्रह्मपुर नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होगा, बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। नगर पंचायत को उम्मीद है कि प्रस्तावित योजनाएं धरातल पर उतरने के बाद शहर के विकास को नई दिशा मिलेगी और लोगों का जीवन स्तर बेहतर होगा।