__ लोकगीतों के बीच निभाई गई गोवर्धन कुटाई की रस्म, कुटकी-पटोरा और मिठाई से सजा पूजा का थाल; सामूहिक आयोजन में दिखी ग्रामीण संस्कृति की अनूठी झलक
केटी न्यूज/बक्सर।
आधुनिकता की दौड़ और बदलती जीवनशैली के बीच बक्सर की महिलाओं ने लोक परंपराओं की विरासत को सहेजने का अनूठा संदेश दिया। भैया दूज के अवसर पर मंगलवार को जिले के गांवों से लेकर शहरी इलाकों तक सदियों पुरानी लोक परंपराएं जीवंत हो उठीं। कहीं महिलाओं के सामूहिक लोकगीत गूंजे तो कहीं पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच गोवर्धन कुटाई की रस्म निभाई गई। इस दौरान पूरा माहौल लोक आस्था, पारिवारिक रिश्तों और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर नजर आया।

पर्व को लेकर सुबह से ही महिलाओं में खास उत्साह देखने को मिला। घरों और आसपास के निर्धारित स्थानों पर महिलाएं समूह में एकत्रित हुईं और पारंपरिक लोकगीतों के साथ पूजा-अनुष्ठान की शुरुआत की। दरिद्र निकालने की रस्म के बाद सामूहिक रूप से गोवर्धन कुटाई की परंपरा निभाई गई। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीतों के जरिए अपनी लोक संस्कृति और पीढ़ियों से चली आ रही मान्यताओं को स्वर दिया।

__ पारंपरिक प्रसाद से सजी पूजा, रीति-रिवाजों का दिखा अनूठा संगम
इस अवसर पर पूजा में पारंपरिक खाद्य सामग्रियों का भी विशेष महत्व देखने को मिला। महिलाओं ने कुटकी, पटोरा, चुकिया तथा मुरही-मिठाई का प्रसाद अर्पित किया। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद पीलिया लगाने की रस्म भी पूरी की गई। स्थानीय लोक मान्यताओं के अनुसार, इन परंपराओं के माध्यम से परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और भाई-बहन के बीच प्रेम व स्नेह की कामना की जाती है।

__ नई पीढ़ी तक पहुंच रही लोक विरासत की धरोहर
भैया दूज पर होने वाले इन आयोजनों की खासियत केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं है, बल्कि इनके माध्यम से सामाजिक मेलजोल और सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती मिलती है। सामूहिक रूप से गीत गाना, पारंपरिक प्रसाद तैयार करना और रीति-रिवाजों का निर्वहन करना महिलाओं के आपसी जुड़ाव को भी दर्शाता है।बदलते समय में जहां नई पीढ़ी पारंपरिक लोकाचार से धीरे-धीरे दूर होती जा रही है, वहीं बक्सर की महिलाओं का यह सामूहिक प्रयास सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने की मिसाल बन रहा है। लोकगीतों की गूंज और गोवर्धन कुटाई की परंपरा ने एक बार फिर साबित किया कि लोक संस्कृति की असली ताकत उसकी निरंतरता में है।




टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।