बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत बनारपुर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
चौसा परियोजना अंतर्गत बनारपुर पंचायत के बनारपुर गांव में सोमवार को सखी वन स्टॉप सेंटर एवं जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ विमेन (डीएचईडब्ल्यू) के संयुक्त तत्वावधान में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

केटी न्यूज/चौसा
चौसा परियोजना अंतर्गत बनारपुर पंचायत के बनारपुर गांव में सोमवार को सखी वन स्टॉप सेंटर एवं जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ विमेन (डीएचईडब्ल्यू) के संयुक्त तत्वावधान में ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बाल विवाह रोकथाम, भ्रूण हत्या, घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा सहित महिलाओं एवं बालिकाओं से जुड़े विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को महिला सशक्तिकरण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजना, आधार पंजीकरण, शिक्षा, रोजगार एवं जीविका से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी दी गई।

डीएचईडब्ल्यू के कर्मियों ने बाल विवाह के कानूनी परिणामों एवं कम उम्र में विवाह से होने वाले स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए लोगों से इस कुप्रथा को समाप्त करने की अपील की। साथ ही महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में बताते हुए कहा गया कि किसी भी प्रकार की सहायता या शिकायत के लिए इस टोल-फ्री नंबर पर संपर्क किया जा सकता है, जहां शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाती है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला हब फॉर एम्पॉवरमेंट ऑफ विमेन की लैंगिक विशेषज्ञ शिवांगी ने मिशन शक्ति की उपयोजनाओं ‘संबल’ एवं ‘सामर्थ्य’ की जानकारी देते हुए महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बेटियों की उच्च शिक्षा, लैंगिक समानता तथा महिलाओं के खिलाफ हिंसा की रोकथाम पर भी बल दिया।कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर के केस वर्कर, डीएचईडब्ल्यू के कर्मी, शाहाबाद पैरिश सोसायटी के जिला मिशन समन्वयक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। समापन जिला आपदा प्रबंधन कार्यालय द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के साथ हुआ, जिसमें बेटियों की सुरक्षा, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया गया। ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं किशोरियों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

