चौसा नगर पंचायत की बैठक में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, पेयजल व्यवस्था सुधारने पर विशेष जोर

नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और लंबित विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को चौसा नगर पंचायत कार्यालय में सशक्त एवं सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क, नाला, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी।

चौसा नगर पंचायत की बैठक में विकास कार्यों को मिली रफ्तार, पेयजल व्यवस्था सुधारने पर विशेष जोर

__ चार सड़क-नाला परियोजनाओं को स्वीकृति, जर्जर नल-जल योजना के पुनर्गठन और सीसीटीवी नेटवर्क विस्तार का निर्णय

केटी न्यूज/चौसा

नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और लंबित विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से मंगलवार को चौसा नगर पंचायत कार्यालय में सशक्त एवं सामान्य बोर्ड की बैठक आयोजित की गई। नगर पंचायत अध्यक्ष किरण देवी की अध्यक्षता में हुई बैठक में सड़क, नाला, पेयजल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर सहमति बनी। बैठक का संचालन कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने किया।बैठक की शुरुआत पिछली सामान्य बोर्ड बैठक की कार्यवाही की पुष्टि से हुई। इसके बाद मुख्यमंत्री समग्र विकास योजना के तहत नगर क्षेत्र की चार प्रमुख सड़क एवं नाला निर्माण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।

स्वीकृत योजनाओं में वार्ड संख्या-4 में नगर पंचायत कार्यालय से स्टेशन रोड तक पीसीसी सड़क व नाला निर्माण, शेरशाहगढ़ से कर्मनाशा नदी तक सड़क एवं नाला, वार्ड 11 और 13 में मंटू राइस मिल से कनकनारायणपुर मध्य विद्यालय तक सड़क निर्माण तथा वार्ड-12 में बक्सर-सासाराम मुख्य मार्ग से अखौरीपुर मध्य विद्यालय तक पीसीसी सड़क और नाला स्लैब निर्माण शामिल हैं।बैठक में नगर क्षेत्र की जर्जर हो चुकी नल-जल व्यवस्था को लेकर गंभीर चर्चा हुई। सदस्यों ने पेयजल आपूर्ति को सुचारु बनाने के लिए नई कार्ययोजना तैयार करने पर सहमति जताई। साथ ही जिन इलाकों में पेयजल संकट बना हुआ है, वहां तत्काल वाटर स्टैंड पोस्ट स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 की सैरात बंदोबस्ती, नगर क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों के विस्तार एवं मरम्मत, होल्डिंग विज्ञापन एजेंसी के चयन, जलकर वसूली और 15 लाख रुपये तक की विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। नगर विकास एवं आवास विभाग के निर्देशों के अनुरूप इन योजनाओं को शीघ्र धरातल पर उतारने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।बैठक में नगर क्षेत्र में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाने तथा आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की रूपरेखा भी तय की गई। बैठक से पूर्व सशक्त समिति की अलग से बैठक आयोजित कर विभिन्न प्रस्तावों पर प्रारंभिक विचार-विमर्श किया गया।

अध्यक्ष किरण देवी ने कहा कि नगर पंचायत के समग्र विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वीकृत योजनाओं का चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि सभी स्वीकृत प्रस्तावों पर आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया जल्द पूरी कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। बैठक में उप मुख्य पार्षद सरिता देवी समेत सभी वार्ड पार्षद, नगर पंचायत के पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।