करवा चौथ पर बाजार में रौनक, चांद के दीदार को बेताब सुहागिनें

पति की लंबी उम्र, सुखी दांपत्य जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ सुहागिन महिलाएं 29 अक्टूबर, गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। पर्व को लेकर डुमरांव के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। श्रृंगार सामग्री, मेहंदी, ज्वेलरी, पूजन सामग्री और आकर्षक डिजाइन वाली चलनियों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी है।

करवा चौथ पर बाजार में रौनक, चांद के दीदार को बेताब सुहागिनें

__ 29 अक्टूबर को पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखेंगी महिलाएं, मेहंदी-श्रृंगार और आकर्षक चलनियों की बढ़ी मांग

__ ब्यूटी पार्लरों में एडवांस बुकिंग, सजने-संवरने के लिए महिलाओं में उत्साह

फोटो कैप्शन : करवा चौथ को लेकर डुमरांव के बाजार में खरीदारी करती महिलाएं।

केटी न्यूज/डुमरांव। 

पति की लंबी उम्र, सुखी दांपत्य जीवन और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ सुहागिन महिलाएं 29 अक्टूबर, गुरुवार को करवा चौथ का व्रत रखेंगी। पर्व को लेकर डुमरांव के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। श्रृंगार सामग्री, मेहंदी, ज्वेलरी, पूजन सामग्री और आकर्षक डिजाइन वाली चलनियों की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ उमड़ने लगी है। वहीं, ब्यूटी पार्लरों में भी सजने-संवरने के लिए महिलाओं की एडवांस बुकिंग हो रही है।करवा चौथ महिलाओं के लिए आस्था, प्रेम और दांपत्य जीवन के प्रति समर्पण का विशेष पर्व है। इस दिन सुहागिन महिलाएं निर्जला व्रत रखकर पति की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हैं। शाम को सोलह शृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। रात में चंद्रमा के दर्शन के बाद अर्घ्य देकर व्रत का पारण किया जाता है। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह है और घरों में भी तैयारियां शुरू हो गई हैं।

__ मेहंदी से लेकर मेकअप तक, बाजार में बढ़ी चहल-पहल

करवा चौथ के नजदीक आते ही गोला बाजार, स्टेशन रोड और आसपास के बाजारों में खरीदारी तेज हो गई है। महिलाएं अपनी पसंद के कपड़े, आभूषण, चूड़ियां, मेहंदी और पूजन सामग्री खरीद रही हैं। इस बार जड़ी और गोटे से सजी आकर्षक चलनियों की मांग भी बढ़ी है। दुकानदारों को पर्व के दौरान कारोबार में तेजी आने की उम्मीद है।ब्यूटी पार्लर संचालिका गुड़िया रानी और खुशबू देवी ने बताया कि करवा चौथ को लेकर ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर और छूट दी जा रही है। कई महिलाओं ने फेशियल और मेकअप के लिए पहले से बुकिंग करा ली है। सबसे अधिक मांग मेहंदी लगाने की है। ग्राहकों को समय पर सुविधा देने के लिए अतिरिक्त लड़कियों को भी काम पर लगाया गया है।स्टेशन रोड की नेहा कुमारी और साफाखाना रोड की मीनाक्षी वर्मा ने बताया कि करवा चौथ पर दुल्हन की तरह सजने-संवरने का अलग ही उत्साह रहता है। यह पर्व उनके लिए यादगार पलों में शामिल होता है। वहीं, व्यवसायी विजय साह, करीमन, आदित्य कुमार और पिंटू जायसवाल ने बताया कि इस बार श्रृंगार सामग्री के साथ सजावटी चलनियों की मांग में तेजी आई है।

__ शिव-पार्वती और चंद्रमा की पूजा का विधान

करवा चौथ पर व्रती महिलाएं भगवान शिव, माता पार्वती, भगवान गणेश, कार्तिकेय और चंद्रमा की पूजा करती हैं। चंद्र दर्शन के बाद चलनी से चंद्रमा और फिर पति को देखकर अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत खोलने की परंपरा है।

__ शाम 5:38 से 6:56 बजे तक पूजन का मुहूर्त

आचार्य पं. विंध्याचल ओझा के अनुसार, 29 अक्टूबर को करवा चौथ पूजन का शुभ मुहूर्त शाम 5:38 बजे से 6:56 बजे तक रहेगा। चंद्रमा के उदय का समय रात 8:17 बजे बताया गया है। चंद्र दर्शन के बाद महिलाएं अर्घ्य देकर व्रत का समापन करेंगी। उन्होंने बताया कि इस बार करवा चौथ पूजन में भद्रा का कोई व्यवधान नहीं है।