अवैध मिट्टी खनन पर खनन विभाग की बड़ी कार्रवाई
स्थानीय थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप शुक्रवार को अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी और ट्रैक्टर को पकड़ा। विभाग की टीम को मौके पर साधारण मिट्टी की अवैध कटाई कर उसे बिक्री के लिए ले जाने की तैयारी किए जाने की जानकारी मिली थी।

__मिट्टी के अवैध कारोबार पर खनन विभाग का शिकंजा, 11.04 लाख का जुर्माना
__लेवाड़ में छापेमारी के दौरान जेसीबी और ट्रैक्टर पकड़े गए, जेसीबी मालिक से 47,925 रुपये की वसूली
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म। स्थानीय थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप शुक्रवार को अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ खनन विभाग ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी और ट्रैक्टर को पकड़ा। विभाग की टीम को मौके पर साधारण मिट्टी की अवैध कटाई कर उसे बिक्री के लिए ले जाने की तैयारी किए जाने की जानकारी मिली थी। छापेमारी होते ही अवैध खनन में जुटे लोगों में अफरातफरी मच गई।कार्रवाई के बाद खनन विभाग ने जेसीबी और मिट्टी ढुलाई में प्रयुक्त ट्रैक्टर के खिलाफ नियमानुसार जुर्माना निर्धारित किया। थाने में दिए गए विभागीय प्रतिवेदन के मुताबिक, जेसीबी से अवैध रूप से मिट्टी की कटाई किए जाने के मामले में उसके मालिक पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। विभाग ने कार्रवाई के दौरान जेसीबी मालिक से 47,925 रुपये की राशि वसूल भी की है।

इसी तरह मिट्टी के अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रैक्टर पर एक लाख रुपये समन शुल्क निर्धारित किया गया। इसके अतिरिक्त 4,260 रुपये खनिज शुल्क भी लगाया गया। इस तरह ट्रैक्टर पर कुल 1,04,260 रुपये का जुर्माना निर्धारित हुआ है।खनन विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि जिले में अवैध तरीके से मिट्टी की कटाई और उसके कारोबार पर विभाग अब सख्ती बरतने के मूड में है। लेवाड़ में हुई कार्रवाई के बाद मिट्टी के अवैध खनन और परिवहन में लगे लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है। स्थानीय स्तर पर भी विभाग की कार्रवाई को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।बताया जा रहा है कि अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए विभाग द्वारा आगे भी छापेमारी जारी रखी जा सकती है। अब देखना यह है कि लेवाड़ की कार्रवाई के बाद आसपास के क्षेत्रों में भी अवैध मिट्टी कटाई के खिलाफ कितनी प्रभावी कार्रवाई होती है।

