अतिक्रमण पर नप का बुलडोजर, अब रोज होगी कार्रवाई
डुमरांव की सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और उससे लगने वाले जाम के खिलाफ अब नगर परिषद ने स्थायी कार्रवाई का दावा किया है। गुरुवार को कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। नगर परिषद कार्यालय से शुरू हुई कार्रवाई स्टेशन रोड तक पहुंची।

__ रोस्टर तैयार, सड़क-फुटपाथ घेरने वालों पर जुर्माना; वेंडिंग जोन की मांग को लेकर फुटपाथी दुकानदारों ने उठाई आवाज
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव की सड़कों पर बढ़ते अतिक्रमण और उससे लगने वाले जाम के खिलाफ अब नगर परिषद ने स्थायी कार्रवाई का दावा किया है। गुरुवार को कार्यपालक पदाधिकारी राहुलधर दुबे के नेतृत्व में नगर परिषद की टीम ने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। नगर परिषद कार्यालय से शुरू हुई कार्रवाई स्टेशन रोड तक पहुंची। अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर कब्जा जमाए दुकानदारों में अफरातफरी मची रही।नगर परिषद की टीम ने सड़क पर लगाए गए ठेले और अस्थायी दुकानों को हटवाया। दुकानों की निर्धारित सीमा से बाहर बोर्ड, शेड और सामान फैलाने वालों पर भी कार्रवाई की गई। कई दुकानदारों से मौके पर जुर्माना वसूला गया, जबकि सड़क किनारे किए गए अस्थायी निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान नगर परिषद के अधिकारी, कर्मचारी और सशस्त्र सिपाही तैनात रहे।

__एक दिन की कार्रवाई नहीं, रोज चलेगा अभियान
ईओ राहुलधर दुबे ने कहा कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई अब किसी विशेष दिन तक सीमित नहीं रहेगी। नगर परिषद ने इसके लिए रोस्टर तैयार किया है और नियमित रूप से अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के पास अब अपने सिपाही और सुरक्षा गार्ड उपलब्ध हैं। इससे पुलिस बल पर निर्भरता कम हुई है और अतिक्रमण के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करना आसान होगा। अगले चरण में मुख्य बाजार क्षेत्र में और अधिक सघन अभियान चलाने की बात कही गई है।

__कार्रवाई से ज्यादा जरूरी स्थायी समाधान
हालांकि अभियान को लेकर शहरवासियों में उत्साह के साथ सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि डुमरांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले भी कई बार हो चुकी है। कार्रवाई के कुछ घंटे बाद ही सड़कें फिर ठेले, दुकान और सामान से घिर जाती हैं। ऐसे में लोगों ने नियमित निगरानी और दोबारा अतिक्रमण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।वहीं फुटपाथी दुकानदारों ने रोजी-रोटी का हवाला देते हुए वैकल्पिक व्यवस्था की मांग की। फुटपाथी नेता मिंटू हाशमी समेत अन्य दुकानदारों ने कहा कि प्रशासन पहले निर्धारित वेंडिंग जोन उपलब्ध कराए। उनका कहना है कि जगह मिलने पर वे सड़क पर दुकान लगाने के बजाय निर्धारित स्थल पर कारोबार करेंगे। अभियान में सिटी मैनेजर स्तुति सिन्हा, स्वच्छता पदाधिकारी राजीव कुमार समेत अन्य पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

