कुत्तों के झुंड ने हिरण को घेरा, दो युवकों ने जान पर खेलकर बचाई जान
डुमरांव थाना क्षेत्र के महरौरा गांव में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब कुत्तों के झुंड ने एक हिरण को घेरकर उस पर हमला कर दिया। हिरण अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुत्तों ने उसे चारों ओर से घेर लिया था।

__ महरौरा बधार में घायल हालत में मिला दुर्लभ प्रजाति का हिरण, धनमुन और विनय ने कुत्तों को खदेड़कर किया सुरक्षित
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव थाना क्षेत्र के महरौरा गांव में गुरुवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब कुत्तों के झुंड ने एक हिरण को घेरकर उस पर हमला कर दिया। हिरण अपनी जान बचाने के लिए भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन कुत्तों ने उसे चारों ओर से घेर लिया था। इसी दौरान ग्रामीण युवकों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने तत्परता दिखाते हुए कुत्तों को खदेड़कर हिरण की जान बचा ली।घटना महरौरा गांव स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर के उत्तर बधार की बताई जा रही है। ग्रामीण धनमुन राय और विनय राय ने साहस दिखाते हुए कुत्तों के झुंड को वहां से भगाया और हिरण को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया। बताया जा रहा है कि कुत्तों के हमले के कारण हिरण घायल हो गया था। दोनों युवकों ने फिलहाल उसे सुरक्षित रखा है।

हिरण को बचाने के बाद दोनों ग्रामीण वन विभाग को इसकी सूचना देने की तैयारी में जुटे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक वन विभाग के अधिकारियों को घटना की आधिकारिक जानकारी नहीं मिल पाई थी। ग्रामीणों का कहना है कि हिरण को जल्द वन विभाग के हवाले किया जाएगा, ताकि उसका समुचित उपचार और संरक्षण सुनिश्चित हो सके।इधर, हिरण की जान बचाने वाले दोनों युवकों के प्रयास की स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि वन्यजीव प्रकृति के महत्वपूर्ण अंग हैं और दुर्लभ प्रजातियों के जीवों की सुरक्षा करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।गौरतलब है कि डुमरांव अनुमंडल क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में हिरण और ब्लैकबक (काला हिरण) देखे जाते रहे हैं। क्षेत्र में काले हिरण के संरक्षण को लेकर नवानगर में रेस्क्यू सेंटर भी बनाया गया है। ऐसे में महरौरा में हिरण का मिलना वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

