बरसात में केसठ चार रजवाहा नहर की मरम्मत शुरू, किसानों में जगी सिंचाई की उम्मीद

प्रखंड क्षेत्र में धान रोपनी का कार्य इन दिनों पूरे जोर-शोर से चल रहा है। ऐसे समय में सिंचाई के लिए पानी की बढ़ती जरूरत को देखते हुए नहर विभाग ने नहरों की मरम्मत एवं अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को केसठ गुमटी के पास डुमरांव रजवाहा से निकली केसठ चार नहर में जेसीबी से मरम्मत कार्य शुरू किया गया।

बरसात में केसठ चार रजवाहा नहर की मरम्मत शुरू, किसानों में जगी सिंचाई की उम्मीद

केटी न्यूज/केसठ।

 प्रखंड क्षेत्र में धान रोपनी का कार्य इन दिनों पूरे जोर-शोर से चल रहा है। ऐसे समय में सिंचाई के लिए पानी की बढ़ती जरूरत को देखते हुए नहर विभाग ने नहरों की मरम्मत एवं अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार को केसठ गुमटी के पास डुमरांव रजवाहा से निकली केसठ चार नहर में जेसीबी से मरम्मत कार्य शुरू किया गया।यह नहर केसठ से आथर महावीर स्थान मुख्य मार्ग तक जाती है, लेकिन पिछले लगभग 30 वर्षों से किसानों को इसका समुचित लाभ नहीं मिल सका है। नहर के जर्जर होने के कारण किसान सिंचाई के लिए केवल निजी बोरिंग पर निर्भर रहने को मजबूर थे। किसानों का कहना है कि वर्षों से यह नहर सिर्फ नाम मात्र की रह गई थी।

मरम्मत कार्य शुरू होने से क्षेत्र के किसानों में नई उम्मीद जगी है। किसानों का मानना है कि यदि नहर में नियमित रूप से पानी पहुंचा तो सिंचाई की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी और खेती की लागत भी कम होगी।मौके पर अवर प्रमंडल सिद्धिपुर के कनीय अभियंता सुरेश कुमार, विभागीय कर्मियों एवं रामपुर गांव के किसान मौजूद रहे।कनीय अभियंता ने बताया कि एसडीओ अंजनी कुमार भारद्वाज एवं कार्यपालक अभियंता अरुंजय कुमार के निर्देश पर केसठ चार नहर की मरम्मत कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल रामपुर फील्ड के समीप पुल तक मरम्मत कार्य कराया जाएगा। इसके बाद बरसात समाप्त होने पर मनरेगा के माध्यम से नहर की सफाई एवं शेष मरम्मत का कार्य कराया जाएगा।उन्होंने कहा कि विभाग का लक्ष्य अंतिम छोर तक पानी पहुंचाकर किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। विभाग इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।