हार्वेस्टर से निकली चिंगारी बनी आफत, किसानों की महीनों की मेहनत राख
थाना क्षेत्र के रसेन पंचायत अंतर्गत छितन डिहरा गाव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में जहां एक ओर गेहूं की कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा था, वहीं दूसरी ओर हार्वेस्टर से निकली एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस आगलगी में करीब ढाई एकड़ में लगी तैयार गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।
केटी न्यूज/राजपुर
थाना क्षेत्र के रसेन पंचायत अंतर्गत छितन डिहरा गाव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। खेतों में जहां एक ओर गेहूं की कटाई का कार्य जोरों पर चल रहा था, वहीं दूसरी ओर हार्वेस्टर से निकली एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस आगलगी में करीब ढाई एकड़ में लगी तैयार गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के बधार में हार्वेस्टर से कटाई का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन से निकली चिंगारी संतोष कुमार राय के खेत में गिरी और सूखी फसल ने तुरंत आग पकड़ ली। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया।

आग की लपटें और धुआं उठता देख किसानों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और तत्परता दिखाते हुए समरसेबल पंप चालू कर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों की घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।हालांकि तब तक ओड़वार गांव के किसान रामजी सिंह समेत कई किसानों की फसल पूरी तरह जल चुकी थी। इस घटना से प्रभावित किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, पूर्व मुखिया रामजी राय एवं अकबरपुर मुखिया प्रतिनिधि राजेश सिंह ने प्रशासन से पीड़ित किसानों को जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।

