किसान रजिस्ट्री अभियान में प्रशासन सख्त, घर-घर जाकर पंजीकरण का लक्ष्य

जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध और सुगम रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान रजिस्ट्री अभियान को युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले भर में घर-घर जाकर किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी और जवाबदेही तय की गई है।

किसान रजिस्ट्री अभियान में प्रशासन सख्त, घर-घर जाकर पंजीकरण का लक्ष्य

-- बोले अधिकारी हर किसान तक पहुंचे सरकारी योजनाओं का लाभ

-- मैदान में अधिकारियों की सतत निगरानी, तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष टीम सक्रिय

केटी न्यूज/बक्सर

जिले में किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी, समयबद्ध और सुगम रूप से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान रजिस्ट्री अभियान को युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले भर में घर-घर जाकर किसानों का पंजीकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए हर स्तर पर कड़ी निगरानी और जवाबदेही तय की गई है।अभियान के अंतर्गत सभी सर्वे अमीन एवं राजस्व कर्मचारी अपने-अपने हल्का क्षेत्रों में जाकर प्रत्येक किसान से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर रहे हैं। किसानों की भूमि, फसल एवं व्यक्तिगत विवरण का सत्यापन कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

इस कार्य में लापरवाही या शिथिलता बरतने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई के संकेत भी प्रशासन की ओर से दिए गए हैं।किसान रजिस्ट्री अभियान की प्रगति पर सतत नजर रखने के लिए दोनों अनुमंडलों के अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा सभी प्रखंड स्तरीय प्रभारी पदाधिकारी नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर रहे हैं। अधिकारी न केवल पंजीकरण कार्य की समीक्षा कर रहे हैं, बल्कि मौके पर ही कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं, ताकि कार्य में तेजी और गुणवत्ता बनी रहे।तकनीकी एवं प्रक्रियागत अड़चनों के समाधान के लिए प्रखंड और जिला स्तर पर विशेष निगरानी एवं सहायता दल का गठन किया गया है।

यह दल पंजीकरण के दौरान सामने आ रही तकनीकी समस्याओं, दस्तावेजों से जुड़ी कठिनाइयों और किसानों की शंकाओं का तत्काल समाधान कर रहा है। इससे किसानों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं और पंजीकरण प्रक्रिया सरल बन रही है।अभियान की गंभीरता को दर्शाते हुए अपर समाहर्ता द्वारा भी विभिन्न पंजीकरण शिविरों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कार्य की गति, दस्तावेजों की शुद्धता तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की गई। जहां भी कमियां पाई गईं, वहां संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी, बक्सर ने किसान रजिस्ट्री अभियान को लेकर स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि जिले में यह कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण किया जाना अनिवार्य है।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि किसान रजिस्ट्री के पूर्ण होने से किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं, अनुदान, फसल सहायता और अन्य लाभ सीधे एवं पारदर्शी रूप से प्राप्त हो सकेंगे।प्रशासन का मानना है कि किसान रजिस्ट्री जिले के कृषि तंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे न केवल वास्तविक किसानों की पहचान सुनिश्चित होगी, बल्कि योजनाओं के क्रियान्वयन में भी पारदर्शिता आएगी। लगातार निगरानी, सख्त निर्देश और फील्ड स्तर पर सक्रियता के चलते यह अभियान अब निर्णायक चरण में पहुंच चुका है, और प्रशासन को उम्मीद है कि शीघ्र ही जिले का हर पात्र किसान इस रजिस्ट्री में शामिल होगा।