पारचून लदी ट्रक लूट कांड का 48 घंटे में पर्दाफाश, तीन लूटेरे गिरफ्तार, एसडीपीओ ने दी जानकारी
आरा-बक्सर फोरलेन पर हुई अब तक की सबसे बड़ी लूट की घटनाओं में शामिल करीब 50 लाख रुपये के कॉस्मेटिक सामान से लदे ट्रक लूटकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। ट्रक की कीमत जोड़ दी जाए तो कुल मामला लगभग 80 लाख रुपये का बनता है। डुमरांव अनुमंडल पुलिस की त्वरित कार्रवाई में तीन लुटेरे गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि लूटा गया ट्रक और उसमें लदा पूरा माल सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।

-- ट्रक समेत 80 लाख रूपए मूल्य के सामान की हुई थी लूट, पूरा माल बरामद
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
आरा-बक्सर फोरलेन पर हुई अब तक की सबसे बड़ी लूट की घटनाओं में शामिल करीब 50 लाख रुपये के कॉस्मेटिक सामान से लदे ट्रक लूटकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। ट्रक की कीमत जोड़ दी जाए तो कुल मामला लगभग 80 लाख रुपये का बनता है। डुमरांव अनुमंडल पुलिस की त्वरित कार्रवाई में तीन लुटेरे गिरफ्तार किए गए हैं, जबकि लूटा गया ट्रक और उसमें लदा पूरा माल सुरक्षित बरामद कर लिया गया है।प्रेस वार्ता में एसडीपीओ पोलस्त कुमार ने बताया कि यह अपराध पूरी तरह सुनियोजित था और इसमें स्थानीय स्तर पर रेकी किए जाने की आशंका है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बलिहार निवासी विशाल सिंह, रामदतही गांव के गुप्तेश्वर पासवान और शाहपुर थाना क्षेत्र के भरौली गांव निवासी उत्तम मिश्रा के रूप में हुई है।

-- क्या है पूरा मामला
17 फरवरी को गाजियाबाद से ढीलन ट्रांसपोर्ट कंपनी का कॉस्मेटिक सामान लेकर एक ट्रक बिहिया और पटना डिलीवरी के लिए रवाना हुआ था। ट्रक चालक भोला गोंड और खलासी मनजी कुमार गोंड 19 फरवरी की देर रात तिलक राय के हाता पहुंचे। चालक घर चला गया और ट्रक ढकाइच गांव के पास खड़ा कर दिया गया।रात करीब 12.30 बजे स्कॉर्पियो से पहुंचे अपराधियों ने खलासी को केबिन से नीचे उतारकर मारपीट की, उसके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर टेप चिपका दिया। उसे स्कॉर्पियो में बिठाकर बदमाश ट्रक लेकर फरार हो गए।कुछ देर बाद होश में आने पर खलासी ने खुद को बक्सर के अहिरौली इलाके में पाया। किसी तरह उसने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कृष्णाब्रह्म थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।

-- ऐसे खुली लूट की गुत्थी
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी शुभम आर्य ने एसडीपीओ पोलस्त कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, कृष्णाब्रह्म के प्रभारी थानाध्यक्ष महेश कुमार सिंह, डुमरांव डीआईयू टीम समेत अन्य पुलिस बल को शामिल किया गया।पुलिस ने घटनास्थल और संभावित भागने के रास्तों का निरीक्षण किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दलसागर टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। फुटेज में संदिग्ध स्कॉर्पियो वाहन नजर आया। वाहन नंबर की पुष्टि होते ही पुलिस ने उसके मालिक और संदिग्धों की पहचान कर दबिश शुरू कर दी।लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने कारनामेपुर पड़सौरा इलाके से लूटा गया ट्रक बरामद कर लिया। राहत की बात यह रही कि ट्रक में लदा पूरा कॉस्मेटिक सामान सुरक्षित मिला।

-- स्कॉर्पियो वाहन की भूमिका संदिग्ध
जांच के दौरान बरामद स्कॉर्पियो वाहन के स्वामी की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है। पुलिस उसके खिलाफ भी साक्ष्य जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी होगी।एसडीपीओ ने बताया कि यह गिरोह पहले भी इस तरह की वारदात में शामिल रहा है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

-- पुलिस की सक्रियता से बढ़ा भरोसा
इस कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता का संदेश गया है। महज दो दिनों में इतनी बड़ी लूट का खुलासा होने से स्थानीय लोगों में विश्वास बढ़ा है।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल थाने को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके।आरा-बक्सर फोरलेन पर हुई इस बड़ी लूट की घटना का त्वरित खुलासा पुलिस की रणनीति, तकनीकी जांच और टीमवर्क का उदाहरण बन गया है। 48 घंटे के भीतर अपराधियों की गिरफ्तारी और 80 लाख रुपये के सामान की बरामदगी को लेकर पुलिस की चारों ओर सराहना हो रही है।

