बंद मकान में लाखों की चोरी से सनसनी, मोबाइल कॉल ने बढ़ाया रहस्य

मुरार थाना क्षेत्र के मुरार गांव में एक बंद मकान में हुई बड़ी चोरी की घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। चोरी की इस वारदात में लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, बर्तन और अन्य कीमती सामान गायब होने का दावा किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बंद मकान में लाखों की चोरी से सनसनी, मोबाइल कॉल ने बढ़ाया रहस्य

__ गांव के लोगों पर शक, चोरी गए सामान के बदले पैसे देने की बात करने वाले कॉल की भी जांच में जुटी पुलिस

केटी न्यूज/चौगाईं

मुरार थाना क्षेत्र के मुरार गांव में एक बंद मकान में हुई बड़ी चोरी की घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है। चोरी की इस वारदात में लाखों रुपये मूल्य के जेवरात, बर्तन और अन्य कीमती सामान गायब होने का दावा किया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, चोरी के बाद आए एक संदिग्ध मोबाइल कॉल ने मामले को और भी रहस्यमय बना दिया है।जानकारी के अनुसार मुरार गांव निवासी मनोज कुमार सिन्हा रोजगार के सिलसिले में बक्सर में रहते हैं, जबकि उनके परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर रहते हैं। इसी कारण गांव स्थित उनका पैतृक घर अधिकांश समय बंद रहता है।

बुधवार की शाम उन्हें सूचना मिली कि उनके घर का मुख्य ताला टूटा हुआ है। सूचना मिलते ही उन्होंने घर की स्थिति की जांच कराई, जिसमें अंदर रखा सामान बिखरा हुआ मिला और कई कीमती वस्तुएं गायब पाई गईं।पीड़ित का कहना है कि चोरी गए सामान में सोने-चांदी के जेवरात, घरेलू उपयोग के बर्तन तथा अन्य मूल्यवान वस्तुएं शामिल हैं। उनके अनुसार चोरी से करीब 11 से 12 लाख रुपये की क्षति हुई है। मामले को लेकर उन्होंने पुलिस को लिखित आवेदन देकर गांव के कुछ लोगों पर संदेह जताया है और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।घटना का एक अहम पहलू वह मोबाइल कॉल भी है, जिसका उल्लेख पीड़ित ने अपने आवेदन में किया है।

उनके अनुसार 29 मई की शाम एक व्यक्ति ने फोन कर चोरी गए सामान के बदले रुपये देने की बात कही थी। पीड़ित का दावा है कि इस बातचीत की पुष्टि कॉल रिकॉर्डिंग के माध्यम से की जा सकती है। इसी कारण पुलिस अब चोरी के साथ-साथ उस फोन कॉल की भी गंभीरता से जांच कर रही है।मुरार थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस सभी तथ्यों और आरोपों की बारीकी से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है तथा जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।