पेड़ से उल्टा लटकाकर पिटाई कांड: पुलिस एक्शन पर भड़का गुस्सा, सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरुदास मठिया गांव में युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पिटाई करने की घटना अब तूल पकड़ती जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। नाराज लोगों ने बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

पेड़ से उल्टा लटकाकर पिटाई कांड: पुलिस एक्शन पर भड़का गुस्सा, सड़क जाम कर ग्रामीणों का प्रदर्शन

__ हिरासत में लिए गए लोगों को छोड़ने की मांग, एकतरफा कार्रवाई का आरोप; वायरल वीडियो पर भी उठे सवाल

केटी न्यूज/बक्सर

मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गुरुदास मठिया गांव में युवक को पेड़ से उल्टा लटकाकर पिटाई करने की घटना अब तूल पकड़ती जा रही है। मामले में पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। नाराज लोगों ने बक्सर-इटाढ़ी मुख्य मार्ग को जाम कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा और राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।घटना के बाद दर्ज प्राथमिकी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पक्ष के लगभग आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है। इसी कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों में असंतोष गहराता जा रहा है।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि पुलिस ने बिना पूरी जांच किए एकतरफा कार्रवाई की है और निर्दोष लोगों को पकड़ लिया गया है।प्रदर्शन के दौरान आजाद पार्टी के जिलाध्यक्ष सुरेश आजाद भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उनका कहना था कि जिस युवक के साथ मारपीट हुई, उसे ग्रामीणों ने कथित रूप से चोरी करते हुए पकड़ा था और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई थी। बावजूद इसके पुलिस ने चोरी के मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया, जबकि गांव में छापेमारी कर सीधे लोगों को हिरासत में ले लिया गया।

उन्होंने वायरल वीडियो की सत्यता पर भी संदेह जताते हुए दावा किया कि यह वीडियो भ्रामक हो सकता है और संभवतः आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के जरिए तैयार किया गया है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और तकनीकी जांच कराने की मांग की, ताकि सच्चाई सामने आ सके।वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना बेहद गंभीर है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, हालांकि प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।