सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य के साथ व्रतियों ने पूरा किया 36 घंटे का निर्जला उपवास
पोखरा घाट, मिठाइयां पुल और पुराना बाजार में विराजमान हुए भगवान भास्कर, सेल्फी लेने की मची होड़
केटी न्यूज/केसठ।
लोक आस्था के चार दिवसीय महापर्व छठ का समापन सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही प्रखंड क्षेत्र में बेहद श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में हो गया। 36 घंटे के कठिन निर्जला उपवास के बाद व्रतियों ने गाय के दूध, जल, फूल और फल अर्पित कर भगवान भास्कर से सुख-समृद्धि की कामना की। इससे पूर्व वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विभिन्न घाटों पर स्थापित भगवान सूर्य की प्रतिमाओं के पट खोले गए, जिससे पूरा क्षेत्र 'जय छठी मैया' और 'जय सूर्य देव' के जयकारों से गूंज उठा।
__ गंगा आरती और झांकियों ने बांधा समां

प्रखंड परिसर स्थित प्राचीन पोखरा छठ घाट इस वर्ष भव्यता का मुख्य केंद्र रहा। यहां वाराणसी से आए आचार्य पंडितों द्वारा भव्य गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसकी अलौकिक छटा को लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया। वाराणसी के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राधा-कृष्ण की रासलीला, भगवान भोलेनाथ का तांडव, मां दुर्गा के अवतार और छठी मैया की जीवंत झांकियों ने हजारों की भीड़ को देर रात तक बांधे रखा। इसके अतिरिक्त, पोखरा परिसर में बनाई गई 'स्वर्ग लोक और नर्क लोक' की अनोखी प्रतिमा देखने के लिए दूर-दराज से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
सजावट व सेल्फी का क्रेज, पुराना बाजार व रामपुर में भी रही धूम

प्रखंड मुख्यालय स्थित पोखरा घाट, मिठाइयां पुल स्थित नहर घाट और पुराना बाजार में भगवान भास्कर की भव्य प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। रंग-बिरंगी झालरों, फूलों और कलात्मक लाइटिंग से सजे पंडालों के बीच युवाओं और महिलाओं में सेल्फी लेने का जबरदस्त उत्साह दिखा। वहीं, रामपुर गांव में इस वर्ष दूसरी बार भगवान सूर्य की प्रतिमा स्थापित कर ग्रामीणों ने सामूहिक एकता की मिसाल पेश की और धूमधाम से पर्व मनाया।
प्रशासन और समाजसेवियों की रही सराहनीय भूमिका

महापर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। बीडीओ विजय कुमार सौरभ और नावानगर थानाध्यक्ष प्रफुल्ल कुमार दल-बल के साथ लगातार घाटों की निगरानी करते रहे। इस अवसर पर समाजसेवी रामराज सिंह,जिला परिषद सदस्य डॉ विद्या भारती राजद नेता सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव, प्रखंड प्रमुख मुन्ना सिंह, पूर्व मुखिया धनंजय कुमार यादव उर्फ विधायक जी,मनोज यादव एवं पुलिस प्रशासन की ओर से घाटों पर व्रतियों व श्रद्धालुओं के बीच फल और नारियल का वितरण भी किया गया।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।