डुमरांव में रेल ट्रैक पर मिला पटना के युवक का शव, रहस्य बरकरार
डुमरांव में एक मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्र का शव रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान पटना के गर्दनीबाग निवासी हर्ष आनंद के रूप में हुई है, जो गया में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हर्ष गया से अपने घर पटना लौट रहा था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।
__ गया में रह मेडिकल की पढ़ाई कर रहा था मृतक, मोबाइल लोकेशन से मिला शव, हादसा या साजिश—हर एंगल पर जांच
केटी न्यूज/डुमरांव
डुमरांव में एक मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्र का शव रेलवे ट्रैक के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान पटना के गर्दनीबाग निवासी हर्ष आनंद के रूप में हुई है, जो गया में रहकर मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हर्ष गया से अपने घर पटना लौट रहा था, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई।हर्ष के पिता डॉ. रजनीश कुमार ने बेटे के लापता होने की सूचना तत्काल जीआरपी थाने को दी और उसका मोबाइल नंबर साझा किया। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी मदद से युवक की लोकेशन ट्रैक करनी शुरू की।

जांच के दौरान उसकी अंतिम लोकेशन डुमरांव क्षेत्र में पाई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने सर्च अभियान चलाया।जीआरपी, बक्सर पुलिस, डुमरांव थाना और डीआईयू टीम ने संयुक्त रूप से हथेलीपुर मठिया के पास रेलवे ट्रैक के आसपास व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया। काफी खोजबीन के बाद पोल संख्या 643/9 और 11 के बीच ट्रैक किनारे युवक का शव बरामद किया गया। शव की स्थिति को देखते हुए प्रथम दृष्टया ट्रेन से दुर्घटना की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस इसे अभी अंतिम निष्कर्ष मानने से बच रही है।मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि हर्ष डुमरांव कैसे पहुंचा, जबकि वह गया से पटना जा रहा था।

क्या वह किसी कारणवश रास्ता बदलकर यहां आया, या फिर उसके साथ कोई अप्रिय घटना हुई? इन तमाम बिंदुओं पर पुलिस गंभीरता से जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। साथ ही, युवक के मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन हिस्ट्री और यात्रा से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहराई से जांच की जा रही है। रेलवे ट्रैक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है, ताकि घटना के पहले और बाद की स्थिति का सुराग मिल सके।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे इस घटना को लेकर कई सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि हर्ष एक मेहनती और शांत स्वभाव का छात्र था, जिसकी किसी से दुश्मनी नहीं थी। ऐसे में उसकी मौत को लेकर संदेह और गहरा हो गया है।फिलहाल पुलिस हर संभावित एंगल—दुर्घटना, आत्महत्या या किसी साजिश—को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है। पूरे मामले का सच पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी जांच के बाद ही सामने आ सकेगा।

