खुले में कटे मांस की बिक्री जारी, नगर परिषद की कार्रवाई ठंडे बस्ते में
राज्य सरकार द्वारा खुले में कटे मांस की बिक्री पर रोक लगाए जाने के बावजूद डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में यह कारोबार बदस्तूर जारी है। शहर के कई इलाकों में अब भी खुलेआम कटे मांस की बिक्री की जा रही है, जिससे सरकारी आदेशों की अनदेखी साफ दिखाई दे रही है।


केटी न्यूज/डुमरांव
राज्य सरकार द्वारा खुले में कटे मांस की बिक्री पर रोक लगाए जाने के बावजूद डुमरांव नगर परिषद क्षेत्र में यह कारोबार बदस्तूर जारी है। शहर के कई इलाकों में अब भी खुलेआम कटे मांस की बिक्री की जा रही है, जिससे सरकारी आदेशों की अनदेखी साफ दिखाई दे रही है। नगर परिषद की ओर से शुरुआती दौर में कुछ दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उसके बाद कार्रवाई की रफ्तार पूरी तरह थम गई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर परिषद की चुप्पी के कारण नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों का मनोबल बढ़ गया है।

कई जगहों पर सड़क किनारे और बाजारों में बिना ढके मांस की बिक्री हो रही है, जिससे स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी बढ़ रहे हैं।गर्मी के मौसम में खुले में रखे मांस से संक्रमण फैलने की आशंका बनी रहती है, लेकिन संबंधित विभाग इस ओर गंभीर नजर नहीं आ रहा है।सरकार ने साफ निर्देश दिए थे कि मांस की बिक्री स्वच्छ एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही की जाए। इसके लिए दुकानों में साफ-सफाई, ढककर रखने की व्यवस्था तथा लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन अनिवार्य किया गया था।

बावजूद इसके डुमरांव में नियमों का पालन होते नहीं दिख रहा है।शहरवासियों ने नगर परिषद प्रशासन से मांग की है कि खुले में कटे मांस की बिक्री पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता मानकों की रक्षा हो सके।

