शांति व्यवस्था की मिसाल थेे संजय पासवान, नए प्रभारी अमरेश कुमार से लोगों को उम्मीदें

चक्की थाना परिसर में मंगलवार को एक विदाई समारोह आयोजित कर पूर्व थानाध्यक्ष संजय पासवान को पुलिसकर्मियों और आम जनता ने भावभीनी विदाई दी। समारोह के दौरान उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और योगदान को याद करते हुए कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

शांति व्यवस्था की मिसाल थेे संजय पासवान, नए प्रभारी अमरेश कुमार से लोगों को उम्मीदें

केटी न्यूज/चक्की

चक्की थाना परिसर में मंगलवार को एक विदाई समारोह आयोजित कर पूर्व थानाध्यक्ष संजय पासवान को पुलिसकर्मियों और आम जनता ने भावभीनी विदाई दी। समारोह के दौरान उनके कार्यकाल की उपलब्धियों और योगदान को याद करते हुए कई लोगों की आंखें नम हो गईं।

संजय पासवान को न केवल उनके कुशल नेतृत्व, बल्कि जनहित के मुद्दों पर तत्परता से कार्रवाई करने के लिए भी याद किया जाएगा। उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान चक्की क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखा और अपराध पर अंकुश लगाने में अहम भूमिका निभाई। चाहे मामला आपसी विवाद का हो या फिर किसी आपराधिक गतिविधि का, उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए समाधान सुनिश्चित किया।

विदाई समारोह में उपस्थित पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने संजय पासवान को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर कई लोगों ने मंच से उनके व्यवहार, अनुशासन और सेवा भावना की सराहना की। संजय पासवान ने अपने विदाई संबोधन में कहा कि “चक्की क्षेत्र मेरे दिल के बेहद करीब रहा है। यहां की जनता और सहयोगियों से जो स्नेह मिला, उसे मैं कभी भूल नहीं पाऊंगा।

इधर, चक्की थाना का जिम्मा अब अमरेश कुमार को सौंपा गया है। अमरेश कुमार एक अनुशासनप्रिय और तेजतर्रार पुलिस अधिकारी के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी प्राथमिकता अपराध नियंत्रण, शांति व्यवस्था बनाए रखना और जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना होगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि थाना को जनता के भरोसे का केंद्र बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जन सहयोग के बिना बेहतर पुलिसिंग संभव नहीं है। मेरा प्रयास रहेगा कि हर पीड़ित व्यक्ति की बात सुनी जाए और न्याय दिलाया जाए। लोगों को विश्वास है कि नए थानाध्यक्ष उनके विश्वास पर खरा उतरेंगे और कानून व्यवस्था को और भी बेहतर बनाएंगे।