
- 30 मई को बिक्रमगंज में होने वाले प्रधानमंत्री की सभा को सफल बनाने के लिए आयोजित हुआ एनडीए का कार्यकर्ता सम्मेलन
- सम्मेलन में एनडीए के राष्ट्रीय व प्रदेश स्तर के दर्जनों नेता रहे मौजूद, प्रधानमंत्री की सभा को ऐतिहासिक बनाने की भरी हुंकार
केटी न्यूज/बक्सर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पूर्व निर्धारित बिक्रमगंज में 30 मई को आयोजित सभा को सफल बनाने के लिए सोमवार को एनडीए के सभी घटक दलों का कार्यकर्ता सम्मेलन नगर भवन, बक्सर में संपन्न हुआ। जिसकी अध्यक्षता जदयू के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने व संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने किया।

एनडीए के इस कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय पंचायती राज्य एवं पशुपालन मंत्री ललन सिंह, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, बिहार सरकार के अनुसूचित जनजाति कल्याण मंत्री जनक राम, एमएलसी जीवन कुमार, पूर्व मंत्री संतोष निराला तथा पूर्व विधायक दिलमणी देवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलित कर उपस्थित नेताओं के द्वारा किया गया।

अपने संबोधन में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने ऑपरेशन सिंदूर की अपार सफलता पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं भारतीय सेना के जवानों के शौर्य एवं पराक्रम की प्रशंसा कर लोगों को एहसास दिलाया कि नरेंद्र मोदी के हाथों में भारत सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि मैं प्रधानमंत्री की सभा में बिक्रमगंज चलने के लिए आपको निमंत्रण देने के लिए आया हूं। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से हाथ उठाकर चलने का संकेत पूछा तो उपस्थित जनसमूह ने जोरदार तरीके से दोनों हाथ उठाकर एनडीए जिंदाबाद का नारा लगाकर चलने की हामी भरी।

डबल इंजन की सरकार बखूबी कर रही है अपना काम - दिलीप जायसवाल
वहीं, प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार अपना बखूबी कार्य कर रही है। केंद्र में मोदी दुश्मन देश के छक्के छुड़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि यह लोगों के वोट की ताकत है कि मोदी के नेतृत्व में भारत बदल रहा है। इस बदलते भारत की तरफ कोई भी दुश्मन देश आंख उठाकर देखने की कोशिश करेगा,

उसे इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। बिहार में डबल इंजन की सरकार ने चौमुखी विकास कर अपना काम किया है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना ने 22 मिनट का ऑपरेशन पाकिस्तान पर किया तो पाकिस्तान के साथ-साथ पूरा विश्व यह सोचने पर मजबूर हो गया कि आखिर भारतीय सेना इतनी ताकतवर कैसे हुई और कहा कि मोदी है तो मुमकिन है।

उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तारीफ करते हुए कहा कि इधर बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार का मान पूरे देश में बढ़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिक्रमगंज की सभा में अधिक से अधिक लोगों के पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद हम बिहारवासी उनका शानदार तरीके से अभिनंदन करें।

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने अपने संबोधन में नरेंद्र मोदी एवं नीतीश कुमार को विकास पुरुष बताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के कारण विदेश में भारत का और भारत में बिहार का मान बढा है। अंत में धन्यवाद ज्ञापन एनडीए के प्रदेश संयोजक चंदन सिंह ने किया।

कार्यक्रम में घटक दल के सभी जिलाध्यक्षों के अलावे जदयू प्रवक्ता अंजूम आरा, हरेंद्र सिंह, दिनेश सिंह, अभिषेक पटेल, पिंटू ठाकुर, आजाद सिंह राठौड़, संतोष चौधरी, लाल सिंह, राज रवि, प्रीति पटेल, दुर्गावती देवी, विजय कुमार सिंह उर्फ भोला सिंह, राजवंश सिंह, प्रियव्रत सिंह, प्रदीप दुबे, विनोद राय, धनंजय त्रिगुण, धनंजय राय, मनोज पांडेय, मीना सिंह कुशवाहा, रानी चौबे, संध्या पांडेय, हिंदू देवी, रेखा देवी, सुधा गुप्ता, बरसा पांडेय, उमाशंकर राय समेत एनडीए के सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित थे।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।