पंचायत स्तर पर प्रशासन की पहल: चुन्नी में 22 मामलों का ऑन-द-स्पॉट निपटारा
चौसा प्रखंड की चुन्नी पंचायत में शनिवार को आयोजित बहु-विभागीय समाधान शिविर ने ग्रामीणों को बड़ी राहत दी। “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत सामुदायिक भवन में लगे इस शिविर में प्रशासनिक टीम सीधे गांव पहुंची और लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर समाधान की दिशा में कदम उठाया।
केटी न्यूज/चौसा
चौसा प्रखंड की चुन्नी पंचायत में शनिवार को आयोजित बहु-विभागीय समाधान शिविर ने ग्रामीणों को बड़ी राहत दी। “सबका सम्मान–जीवन आसान” अभियान के तहत सामुदायिक भवन में लगे इस शिविर में प्रशासनिक टीम सीधे गांव पहुंची और लोगों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर समाधान की दिशा में कदम उठाया।शिविर का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार पासवान ने किया। उनकी देखरेख में विभिन्न विभागों के अलग-अलग काउंटर एक ही परिसर में लगाए गए, जिससे ग्रामीणों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।

पेंशन, इंदिरा आवास, राशन कार्ड, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, पेयजल, नल-जल एवं नाली-गली निर्माण से जुड़ी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और अपने आवेदन जमा किए।शिविर में कुल 55 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 30 आवेदन प्रखंड स्तर से संबंधित पाए गए। प्रशासन की तत्परता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि 22 आवेदनों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया, जबकि शेष आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया। बीडीओ ने संबंधित कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का निपटारा प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।

ग्रामीणों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि पंचायत स्तर पर इस तरह के शिविर से समय और धन दोनों की बचत हुई है। शिविर में अंचलाधिकारी नीलेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की इस पहल से पंचायत में भरोसे और पारदर्शिता का संदेश गया है।

