आईईएसएम बक्सर की मासिक बैठक में सैनिक एकता पर जोर, साइबर अपराध से सतर्क रहने की अपील
इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर की मासिक बैठक रविवार को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय माहौल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आईईएसएम शाहाबाद हेल्थ केयर के अध्यक्ष एवं चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पांडेय तथा जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा ने किया।

__ करीब 200 पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं ने लिया भाग, संगठन विस्तार एवं सैनिक हितों पर हुई चर्चा
केटी न्यूज/बक्सर
इंडियन एक्स-सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर की मासिक बैठक रविवार को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय माहौल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता आईईएसएम शाहाबाद हेल्थ केयर के अध्यक्ष एवं चेयरमैन डॉ. मेजर पी.के. पांडेय तथा जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा ने किया। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लगभग 200 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने भाग लिया।बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. मेजर पी.के. पांडेय ने आईईएसएम बक्सर की सक्रियता, संगठनात्मक मजबूती और सामाजिक सरोकारों की सराहना की। उन्होंने पूर्व सैनिकों से एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

साथ ही 11 जून को आयोजित “एक खूबसूरत शाम भारतीय सेना के नाम” कार्यक्रम की सफलता पर सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन सैनिकों के बीच भाईचारे, अनुशासन और समर्पण की भावना को और प्रगाढ़ बनाते हैं।जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के मामलों पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों को जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाता विवरण, एटीएम कार्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और जागरूकता है।

जिला महासचिव कैप्टन श्रीनिवास सिंह ने उपस्थित सदस्यों को समय पर आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल करने के महत्व और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। वहीं जिला कोषाध्यक्ष सूबेदार मेजर आर.बी. सिंह ने संगठन की आय-व्यय तथा वित्तीय स्थिति का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।बैठक में चौगाई प्रखंड अध्यक्ष कैप्टन कन्हैया पंडित ने वेतन एवं सेवा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। सिमरी प्रखंड अध्यक्ष नायक शशिभूषण ओझा, प्रखंड डायरेक्टर सार्जेंट विनोद तिवारी, इटाढ़ी प्रखंड अध्यक्ष हवलदार हरिहर सिंह तथा राजपुर प्रखंड अध्यक्ष चंद्रजीत सिंह ने संगठन के विस्तार, पूर्व सैनिकों के कल्याण और सामाजिक दायित्वों को लेकर अपने विचार रखे।

बैठक के समापन पर दिवंगत सैनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। "भारत माता की जय", "वंदे मातरम्", "सैनिक एकता जिंदाबाद" और "आईईएसएम बक्सर जिंदाबाद" के नारों से पूरा सभास्थल गूंज उठा। अंत में सभापति बी.एन. पांडेय ने बैठक समाप्ति की घोषणा की।इस अवसर पर सूबेदार मेजर द्वारिका पांडेय, कैप्टन संजय पाठक, नायब सूबेदार रामनाथ सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, सूबेदार कमलेश्वर राय सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं उपस्थित रहीं।

