30 जुलाई से थमेगी शहर की सफाई, अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे नगर परिषद कर्मी
डुमरांव नगर परिषद के सफाईकर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। हड़ताल की तैयारी को लेकर सोमवार को नगर भवन में बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू) एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तय की गई।

__ मशाल जुलूस से होगा आंदोलन का आगाज, नियमितीकरण समेत तीन सूत्री मांगों पर आर-पार की लड़ाई; छात्रों के आंदोलन का किया समर्थन, रिहाई की उठाई मांग
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव नगर परिषद के सफाईकर्मियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान कर दिया है। हड़ताल की तैयारी को लेकर सोमवार को नगर भवन में बिहार राज्य स्थानीय निकाय कर्मचारी महासंघ (ऐक्टू) एवं बिहार लोकल बॉडीज इंप्लाइज फेडरेशन की संयुक्त बैठक आयोजित की गई, जिसमें आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तय की गई। कर्मियों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक आंदोलन वापस नहीं लिया जाएगा। हड़ताल के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था पूरी तरह ठप रहेगी।बैठक में बताया गया कि राज्यव्यापी आंदोलन के तहत नियमितीकरण एवं सेवा सुरक्षा, ठेका और आउटसोर्सिंग व्यवस्था की समाप्ति, एसीपी/एमएसीपी योजना का पूर्ण क्रियान्वयन तथा बकाया भुगतान सहित तीन सूत्री मांगों को लेकर पिछले माह नगर परिषद प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया था।

मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं होने से कर्मचारियों ने आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है।महासंघ के नगर परिषद डुमरांव इकाई के सचिव शिव शंकर तिवारी ने बताया कि आंदोलन की शुरुआत 29 जुलाई की शाम निकाले जाने वाले आक्रोश मशाल जुलूस से होगी। यह जुलूस राज उच्च विद्यालय के समीप से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए राजगढ़ चौक पहुंचेगा, जहां सभा आयोजित की जाएगी। इसके अगले दिन यानी 30 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू हो जाएगी।बैठक में मौजूद सफाईकर्मियों ने जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए उनकी मांगों का समर्थन किया।

साथ ही आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी छात्रों और आंदोलनकारियों की शीघ्र रिहाई की मांग भी उठाई।बैठक का संचालन भाकपा (माले) के नगर कमेटी सदस्य सर्वेश कुमार पांडेय ने किया। इस दौरान भाकपा (माले) के जिला सचिव एवं केंद्रीय कमेटी सदस्य नवीन कुमार, केदार यादव, कृष्णा कुमार, ओमप्रकाश यादव, शमीम मंसूरी, भगवान पासवान, ललन राम, जाबिर कुरैशी, पूजा यादव, कन्हैया पासवान सहित बड़ी संख्या में सफाईकर्मी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आंदोलन को व्यापक और प्रभावी बनाने का संकल्प लिया गया।

