साइबर मंगल अभियान के तहत छात्रों को किया गया जागरूक, साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर मंगल अभियान के तहत मंगलवार को मध्य विद्यालय केसठ में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

साइबर मंगल अभियान के तहत छात्रों को किया गया जागरूक, साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय

केटी न्यूज/केसठ। 

साइबर अपराध के बढ़ते मामलों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे साइबर मंगल अभियान के तहत मंगलवार को मध्य विद्यालय केसठ में छात्र-छात्राओं के लिए साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवानगर थाना की एसआई सुमन कुमारी ने विद्यार्थियों को साइबर ठगी के विभिन्न तरीकों तथा उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी फोन कॉल, एसएमएस, व्हाट्सऐप संदेश, ई-मेल, फर्जी लिंक, ऑनलाइन इनाम, केवाईसी अपडेट और बैंक अधिकारी बनकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं।

ऐसे मामलों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर बिना सत्यापन के प्रतिक्रिया नहीं देने की सलाह दी गई।एसआई ने छात्रों को बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड का पिन, पासवर्ड तथा बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और संदिग्ध मोबाइल ऐप डाउनलोड करने से भी बचने की अपील की।उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर लोगों में डर या लालच पैदा कर जल्दबाजी में गलत निर्णय लेने के लिए मजबूर करते हैं।

इसलिए किसी भी संदिग्ध सूचना पर पहले उसकी सत्यता की जांच करना आवश्यक है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित एवं जिम्मेदारी के साथ इंटरनेट के उपयोग के प्रति जागरूक करना था।इस मौके पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक मुकेश कुमार सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।