प्लास्टिक कचरे को बनाया कमाई और पर्यावरण संरक्षण का जरिया, संजीत राय सम्मानित
कचरे के रूप में देखे जाने वाले सिंगल यूज प्लास्टिक को उपयोगी संसाधन में बदलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई मिसाल कायम करने वाले युवा उद्यमी संजीत राय को सिमरी प्रखंड मुखिया संघ ने सम्मानित किया। ढकाइच निवासी संजीत राय प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण कर मजबूत और आकर्षक बेंच तैयार कर रहे हैं।

__ पीएम मोदी के ‘मन की बात’ में मिल चुकी है पहल को सराहना, मुखिया संघ ने अंगवस्त्र व मोमेंटो देकर बढ़ाया हौसला
केटी न्यूज/डुमरांव।
कचरे के रूप में देखे जाने वाले सिंगल यूज प्लास्टिक को उपयोगी संसाधन में बदलकर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में नई मिसाल कायम करने वाले युवा उद्यमी संजीत राय को सिमरी प्रखंड मुखिया संघ ने सम्मानित किया। ढकाइच निवासी संजीत राय प्लास्टिक कचरे का पुनर्चक्रण कर मजबूत और आकर्षक बेंच तैयार कर रहे हैं। उनके इस अभिनव प्रयास की चर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ में भी हो चुकी है।संजीत की इस उपलब्धि को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सिमरी प्रखंड मुखिया संघ की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में उन्हें अंगवस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सीतामढ़ी जिला के निदेशक शशिकांत शर्मा समेत विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और ग्रामीण मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुखिया संघ के अध्यक्ष सह डुमरी पंचायत के मुखिया प्रेम सागर कुंवर ने कहा कि संजीत राय ने अपनी रचनात्मक सोच और मेहनत से यह साबित किया है कि प्लास्टिक कचरे को समस्या मानने के बजाय उसे उपयोगी उत्पाद में बदला जा सकता है। उन्होंने कहा कि संजीत का प्रयास ‘लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान’ की मूल भावना को धरातल पर उतारने वाला है। बक्सर जिले के एक छोटे से गांव से निकलकर अपनी पहल को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना जिले के लिए गौरव की बात है।उन्होंने कहा कि प्लास्टिक प्रदूषण आज गंभीर चुनौती बन चुका है।

ऐसे में युवाओं की ओर से कचरे के पुनर्चक्रण को रोजगार और स्वच्छता से जोड़ने की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है। संजीत ने अपनी प्रतिभा और नवाचार के माध्यम से बक्सर का नाम पूरे देश में रोशन किया है।सीतामढ़ी के निदेशक शशिकांत शर्मा ने भी संजीत के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि प्लास्टिक कचरे का बेहतर तरीके से पुनर्चक्रण पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने युवाओं से ऐसी रचनात्मक पहल से जुड़ने का आह्वान किया।समारोह में ढकाइच पंचायत और कठार पंचायत के मुखिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने संजीत को बधाई दी और उनके प्रयास को आगे बढ़ाने में सहयोग का भरोसा दिलाया।

