जन शिकायतों के त्वरित निपटारे पर डीएम का जोर
जिले में आम लोगों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला ने लोक शिकायत निवारण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए द्वितीय अपील की सुनवाई की।


__ द्वितीय अपील की सुनवाई में सात मामलों का हुआ निष्पादन, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
केटी न्यूज/बक्सर
जिले में आम लोगों की समस्याओं के समयबद्ध समाधान को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिलाधिकारी साहिला ने लोक शिकायत निवारण से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए द्वितीय अपील की सुनवाई की। सुनवाई प्रक्रिया का आयोजन प्रत्यक्ष उपस्थिति के साथ-साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से भी किया गया, ताकि विभिन्न प्रखंडों एवं अंचलों से जुड़े मामलों का प्रभावी ढंग से निपटारा किया जा सके।सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने एक-एक मामले की विस्तार से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों का समाधान सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निष्पादन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।बैठक में कुल 22 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें 21 मामले लोक शिकायत अधिकार निवारण अधिनियम से संबंधित थे, जबकि एक मामला सेवा शिकायत से जुड़ा था। सुनवाई के दौरान सात मामलों का निष्पादन किया गया, जिसमें छह लोक शिकायत अधिकार निवारण और एक सेवा शिकायत का मामला शामिल रहा। शेष मामलों में संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा गया।जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान प्रशासन की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।सुनवाई के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग, अंचल अधिकारी बक्सर, चौसा, सिमरी एवं नावानगर सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने विभिन्न मामलों पर की गई कार्रवाई की जानकारी जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई। प्रशासनिक स्तर पर की गई इस पहल से शिकायतकर्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

