जनसुनवाई में पहुंचे 35 फरियादी, समस्याओं के त्वरित निपटारे का निर्देश

आम लोगों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई।

जनसुनवाई में पहुंचे 35 फरियादी, समस्याओं के त्वरित निपटारे का निर्देश

केटी न्यूज/बक्सर।

आम लोगों की समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनके त्वरित समाधान की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। सात निश्चय-03 के अंतर्गत संचालित ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में जनसुनवाई आयोजित की गई। उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं अपर समाहर्ता सह जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी शशिकांत पासवान ने लोगों की समस्याएं सुनीं।जनसुनवाई में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याओं और शिकायतों से संबंधित कुल 35 आवेदन अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत किए। इनमें सबसे अधिक 13 आवेदन विकास विभाग से संबंधित रहे, जबकि 12 आवेदन राजस्व विभाग तथा 10 आवेदन अन्य विभागों से जुड़े थे।

जनसुनवाई के दौरान उप विकास आयुक्त ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का तत्काल निर्देश दिया। अधिकारियों को यह भी स्पष्ट किया गया कि आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं हो और पात्र लोगों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाए।जनसुनवाई में अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता तथा विभिन्न प्रखंडों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे। इससे संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक आवेदन का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और न्यायोचित तरीके से किया जाएगा। जिला प्रशासन का उद्देश्य जनता की समस्याओं को सुनकर उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। प्रशासन ने जनसहभागिता और नियमित जनसुनवाई को प्राथमिकता देते हुए लोगों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का भरोसा दिलाया।