छत पर छिपा रखी थी शराब की खेप, पुलिस पहुंची तो पिता-पुत्र फरार
शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने मंगलवार की रात अरक गांव में छापेमारी कर अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब छिपाकर रखने के आरोपित पिता-पुत्र अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

__ अरक में देर रात छापेमारी से मचा हड़कंप, 50.175 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद; गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म।
शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस ने मंगलवार की रात अरक गांव में छापेमारी कर अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप बरामद की। पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही शराब छिपाकर रखने के आरोपित पिता-पुत्र अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घर की छत से अलग-अलग जगह छिपाकर रखी गई कुल 50.175 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की है। मामले में दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि अरक गांव निवासी रमेश चौधरी और उसका पुत्र अवधेश चौधरी उर्फ भुअर चौधरी अपने घर की छत पर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर रखे हुए हैं।

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने रात में ही बताए गए ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस वाहन के पहुंचते ही घर में मौजूद पिता-पुत्र को कार्रवाई की भनक लग गई और वे अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से निकल भागे।इसके बाद पुलिस टीम ने पूरे घर और छत की तलाशी ली। तलाशी के दौरान छत पर अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई अंग्रेजी शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को जब्त कर लिया और फरार आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गांव में शराब कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां खपाने की तैयारी थी। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि फरार पिता-पुत्र के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

