अनाज लदे ट्रक ने साइकिल सवार युवती को रौंदा, पैर में गंभीर फ्रैक्चर

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सब्जी मंडी के समीप तेज रफ्तार अनाज लदे ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे में युवती का बायां पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया।

अनाज लदे ट्रक ने साइकिल सवार युवती को रौंदा, पैर में गंभीर फ्रैक्चर

__ समोसा खाकर घर लौट रही थी प्रिया, हादसे के बाद मुआवजे को लेकर परिजन अड़े; पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को हिरासत में लिया

केटी न्यूज/डुमरांव।

नया भोजपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सब्जी मंडी के समीप तेज रफ्तार अनाज लदे ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार 18 वर्षीय युवती गंभीर रूप से जख्मी हो गई। हादसे में युवती का बायां पैर बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता से घायल को तत्काल डुमरांव अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बनारस ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।घायल की पहचान हथेलीपुर मठिया निवासी जीउत भारती की पुत्री प्रिया कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि प्रिया समोसा खाने के बाद साइकिल से अपने घर लौट रही थी।

इसी दौरान नया भोजपुर चौक की ओर से फोरलेन की तरफ जा रहे अनाज लदे ट्रक ने सब्जी मंडी के समीप उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही युवती सड़क पर गिर पड़ी और गंभीर रूप से घायल हो गई।हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों को सूचना मिलते ही वे भी मौके पर पहुंच गए। गंभीर चोट को देखते हुए परिजनों में आक्रोश फैल गया और वे ट्रक मालिक से मुआवजे की मांग को लेकर अड़ गए। इससे मौके पर कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बन गई।

सूचना मिलते ही नया भोजपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति शांत कराई। थानाध्यक्ष चंदन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त करते हुए चालक को हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार ट्रक नया भोजपुर से अनाज लोड कर निकला था।थानाध्यक्ष ने बताया कि घायल युवती के परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।