मोबाइल दुकान से 40 लाख की संपत्ति चोरी पर भड़के पूर्व विधायक अजीत कुशवाहा, अपराधियों की गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की मांग
डुमरांव शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। चोरों के निशाने पर अब शहर के बीचों-बीच स्थित दुकानें भी हैं। विजयादशमी के दिन 20 अक्टूबर की आधी रात को थाना से महज कुछ दूरी पर स्थित गीता मोबाइल एवं रिपेयरिंग सेंटर का शटर तोड़कर हुई बड़ी चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

__ बोले पूर्व विधायक क्षेत्र में बढ़ गई है चोरी की घटनाएं, बेफिक्र है पुलिस
केटी न्यूज/डुमरांव।
डुमरांव शहर में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने आम लोगों और कारोबारियों की चिंता बढ़ा दी है। चोरों के निशाने पर अब शहर के बीचों-बीच स्थित दुकानें भी हैं। विजयादशमी के दिन 20 अक्टूबर की आधी रात को थाना से महज कुछ दूरी पर स्थित गीता मोबाइल एवं रिपेयरिंग सेंटर का शटर तोड़कर हुई बड़ी चोरी ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दुकानदार के मुताबिक, चोरी गए महंगे मोबाइल और नकदी समेत करीब 40 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।घटना को लेकर भाकपा (माले) ने पुलिस-प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। गुरुवार को पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुमार सिंह के नेतृत्व में पार्टी की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। टीम ने संबंधित उच्चाधिकारियों से बातचीत कर शीघ्र कार्रवाई की मांग उठाई।

__ शहर के बीच बाजार में दुकान सुरक्षित नहीं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे?
पूर्व विधायक डॉ. अजीत कुशवाहा ने कहा कि डुमरांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं और उनमें भय का माहौल बन रहा है। उन्होंने बक्सर जिला प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराते हुए कहा कि अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है। शहर के मुख्य बाजार में, थाने के इतने करीब चोरी की बड़ी वारदात होना सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंता पैदा करता है।उन्होंने क्षेत्र में किसानों की भैंसों की चोरी और नावानगर की दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि इन मामलों में ठोस कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों का मनोबल बढ़ने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने, अपराधियों को गिरफ्तार करने और पीड़ित दुकानदार की संपत्ति बरामद करने की मांग की।

__ कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
भाकपा (माले) ने स्पष्ट किया कि यदि प्रशासन ने शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी जनता की सुरक्षा और न्याय के सवाल पर सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी। पार्टी नेताओं ने अपराधियों की गिरफ्तारी और चोरी गई संपत्ति की बरामदगी को लेकर प्रशासन से ठोस पहल करने की मांग की।मौके पर भाकपा (माले) राज्य कमेटी सदस्य धर्मेंद्र सिंह, नगर सचिव कृष्णा राम, माले नेता शंकर तिवारी, सर्वेश पांडेय, सुरेंद्र कुशवाहा, जाबिर कुरैशी समेत कई अन्य लोग मौजूद रहे।

