एनएच-922 पर दुस्साहसिक वारदात: कृष्णाब्रह्म में खलासी को बंधक बनाकर परचून लदा ट्रक लूटा

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गुरूवार की रात दुस्साहस का परिचय देते हुए परचून सामान से लदे एक ट्रक को लूट लिया। वारदात एनएच-922 पर छोटका ढकाइच गांव के समीप हुई, जहां ट्रक के खलासी को बंधक बनाकर अपराधियों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर उसे बक्सर गंगा तट के पास छोड़कर ट्रक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

एनएच-922 पर दुस्साहसिक वारदात: कृष्णाब्रह्म में खलासी को बंधक बनाकर परचून लदा ट्रक लूटा

-- आंख पर पट्टी बांध गंगा तट के पास फेंका, कट्टे की बट से किया हमला, पुलिस ने अज्ञात बदमाशों पर दर्ज किया केस

केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म

कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में अपराधियों ने गुरूवार की रात दुस्साहस का परिचय देते हुए परचून सामान से लदे एक ट्रक को लूट लिया। वारदात एनएच-922 पर छोटका ढकाइच गांव के समीप हुई, जहां ट्रक के खलासी को बंधक बनाकर अपराधियों ने पहले उसकी पिटाई की और फिर उसे बक्सर गंगा तट के पास छोड़कर ट्रक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।मिली जानकारी के अनुसार ट्रक दिल्ली-गाजियाबाद से परचून का सामान लेकर पटना और बिहियां की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक ने कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के छोटका ढकाइच गांव के पास ट्रक खड़ा कर दिया।

बताया जाता है कि चालक ट्रक खड़ा कर अपने गांव सिमरी थाना क्षेत्र के बड़का राजपुर चला गया, जबकि खलासी ट्रक में ही सो रहा था।आधी रात के बाद एक स्कॉर्पियो गाड़ी वहां पहुंची। उसमें सवार बदमाशों ने ट्रक में सो रहे खलासी को जबरन नीचे उतार लिया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। अपराधियों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी और दोनों हाथ पीछे की ओर बांधकर उसे स्कॉर्पियो में बैठा लिया। इसके बाद वे उसे औद्योगिक थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव के समीप गंगा तट की ओर ले गए।खलासी मनजीत कुमार गोड़ ने बताया कि बदमाशों ने कट्टे की बट से उसके सिर पर वार किया, जिससे उसे सिर और आंख में चोट लगी।

गंगा किनारे सुनसान स्थान पर उसे छोड़कर अपराधी ट्रक लेकर फरार हो गए। कुछ देर बाद जब बदमाश वहां से हट गए तो खलासी ने पास में आई एक बारात में मौजूद लोगों से मदद मांगी। बारातियों ने उसके बंधे हाथ खोले। इसके बाद उसने किसी के मोबाइल से चालक को घटना की सूचना दी। चालक ने तत्काल ट्रक मालिक को जानकारी दी।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना में हड़कंप मच गया। खलासी के बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ट्रक और आरोपियों की तलाश में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों को ट्रक के रुकने और चालक के वहां से जाने की पहले से जानकारी थी।

बताया जाता है कि चालक और खलासी आपस में सगे भाई हैं। फिलहाल घायल खलासी का इलाज कराया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की बात कह रही है।कृष्णाब्रह्म के प्रभारी थानाध्यक्ष महेश प्रसाद सिंह ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और हर बिंदु पर जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।एनएच-922 पर इस तरह की घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और रात्रि गश्ती व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।