हादीपुर में तस्करी की आशंका से मचा हड़कंप, पिकअप में ठूंसकर ले जाए जा रहे छह गोवंश बरामद
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हादीपुर के समीप गुरुवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने संदिग्ध हालत में जा रही एक पिकअप वैन का पीछा कर उसमें ठूंसकर ले जाए जा रहे छह गोवंशों को बरामद किया। वाहन के अंदर एक गोवंश की मौत हो चुकी थी, जबकि पांच जीवित मिले।

__ एक गोवंश की मौत, पांच को ग्रामीणों ने सुरक्षित निकाला; वाहन छोड़कर चालक फरार, पुलिस ने शुरू की जांच
केटी न्यूज/चौसा।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के हादीपुर के समीप गुरुवार की सुबह उस समय अफरातफरी मच गई, जब ग्रामीणों ने संदिग्ध हालत में जा रही एक पिकअप वैन का पीछा कर उसमें ठूंसकर ले जाए जा रहे छह गोवंशों को बरामद किया। वाहन के अंदर एक गोवंश की मौत हो चुकी थी, जबकि पांच जीवित मिले। ग्रामीणों के पीछा करने पर चालक पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची मुफस्सिल पुलिस ने वाहन समेत पांच जीवित गोवंशों को अपनी अभिरक्षा में ले लिया।ग्रामीणों के अनुसार, सुबह सड़क पर टहलने के दौरान हादीपुर के पास एक पिकअप संदिग्ध स्थिति में दिखाई दी। वाहन का पिछला पहिया क्षतिग्रस्त था, बावजूद इसके चालक तीन पहियों के सहारे ही पिकअप को आगे ले जाने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वाहन के भीतर से पशुओं के चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इससे ग्रामीणों को संदेह हुआ और उन्होंने पिकअप का पीछा करना शुरू कर दिया।

ग्रामीणों को पीछे आता देख चालक कुछ दूर आगे पिकअप खड़ी कर भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने वाहन पर लगा तिरपाल हटाया तो अंदर छह सांड मिले। इनमें एक मृत अवस्था में था। पांच जीवित गोवंशों को ग्रामीणों ने वाहन से बाहर निकाला और उन्हें पानी पिलाकर राहत दी। घटना की सूचना तत्काल मुफस्सिल पुलिस को दी गई।सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पिकअप तथा पांच जीवित गोवंशों को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस वाहन के नंबर के आधार पर उसके मालिक और फरार चालक की पहचान में जुटी है।मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभु भगत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया था। वाहन और गोवंशों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। मामले की जानकारी पशु क्रूरता निरोधक निरीक्षक को भी दे दी गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

