पीएम की सुरक्षा में सेंध की साजिश, सीआईए से संपर्क कर फंड मांगने का आरोप, बक्सर से युवक गिरफ्तार
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री गांव से पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर एक बड़े साइबर साजिश का पर्दाफाश किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए से संपर्क कर प्रधानमंत्री से जुड़े संवेदनशील मामलों में सेंध लगाने और सुरक्षा को खतरे में डालने के बदले पैसे की मांग की थी।
__ पहले भी एयरपोर्ट हैक की धमकी में पकड़ा जा चुका आरोपी, लैपटॉप-मोबाइल जब्त; कई संदिग्धों से पूछताछ जारी
केटी न्यूज/डुमरांव:
बक्सर जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के आशा पड़री गांव से पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर एक बड़े साइबर साजिश का पर्दाफाश किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने अमेरिका की खुफिया एजेंसी सीआईए से संपर्क कर प्रधानमंत्री से जुड़े संवेदनशील मामलों में सेंध लगाने और सुरक्षा को खतरे में डालने के बदले पैसे की मांग की थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इसे हाई-प्रोफाइल सुरक्षा से जुड़ा मामला मानते हुए गुप्त तरीके से कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर देर रात छापेमारी कर युवक को हिरासत में लिया गया। फिलहाल उसे एक सुरक्षित स्थान पर रखकर गहन पूछताछ की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी विदेशों में संदिग्ध लोगों के संपर्क में था और गोपनीय जानकारी के बदले मोटी रकम की मांग कर रहा था। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने और संभावित हमले से जुड़ी धमकी देकर 22 दिनों के भीतर पैसे की मांग की थी। हालांकि कितनी राशि मांगी गई थी, इस पर पुलिस ने गोपनीयता बरतते हुए खुलासा नहीं किया है।इस मामले में पुलिस ने केवल एक युवक को ही नहीं, बल्कि उससे जुड़े अन्य संदिग्धों को भी रडार पर लिया है। एसपी शुभम आर्य ने पुष्टि की है कि तीन लोगों को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है, जिनमें आशा पड़री का अमन तिवारी भी शामिल है।छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।

इन डिवाइस की प्रारंभिक जांच में यह पुष्टि हुई है कि आरोपी और उसके सहयोगी साइबर अपराध की गतिविधियों में लंबे समय से संलिप्त रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संपर्क साधने की कोशिश कर रहे थे।चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी पहले भी विवादों में रह चुका है। वर्ष 2022 में कोलकाता एयरपोर्ट को हैक करने की धमकी देने के मामले में उसे बक्सर और कोलकाता पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया था।वहीं, आरोपी की मां का कहना है कि उनका बेटा घर पर खाना खा रहा था, तभी सादे लिबास में कुछ लोग आए और उसे अपने साथ ले गए। परिवार को अभी तक स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है।फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने में जुटी है और इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

