वायरल वीडियो से खुला मारपीट कांड का नया पहलू, देसी कट्टा लहराने का मामला दर्ज

प्रखंड के हेठुआ पंचायत अंतर्गत नोनौरा गांव में चार अप्रैल को हुई मारपीट की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। पहले यह मामला सिर्फ नाली विवाद में हुई झड़प तक सीमित था, लेकिन अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद इसमें अवैध हथियार लहराने का गंभीर आरोप भी जुड़ गया है।

वायरल वीडियो से खुला मारपीट कांड का नया पहलू, देसी कट्टा लहराने का मामला दर्ज

केटी न्यूज/राजपुर

प्रखंड के हेठुआ पंचायत अंतर्गत नोनौरा गांव में चार अप्रैल को हुई मारपीट की घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। पहले यह मामला सिर्फ नाली विवाद में हुई झड़प तक सीमित था, लेकिन अब वायरल वीडियो सामने आने के बाद इसमें अवैध हथियार लहराने का गंभीर आरोप भी जुड़ गया है।जानकारी के अनुसार गांव के लट्टू राम और दीपक राम के बीच घर की नाली को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो जल्द ही उग्र झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडे चलने लगे। इस मारपीट में कुल छह लोग घायल हो गए, जिनमें एक पक्ष की फूलमती देवी समेत तीन लोग और दूसरे पक्ष की श्याम कुमारी, श्यामलाल राम व सविता कुमारी शामिल हैं।

सभी घायलों का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।घटना के बाद दोनों पक्षों की ओर से कुल 12 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी लट्टू राम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।इसी बीच बुधवार को घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक व्यक्ति के हाथ में दो देसी कट्टे साफ दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए हथियार लहराने के मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज की है। फूलमती देवी के आवेदन पर दीपक राम सहित छह लोगों को आरोपी बनाया गया है।थानाध्यक्ष निवास कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच तेज कर दी गई है और मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गश्त भी बढ़ा दी गई है।