__ कोरान सराय-मठिला मार्ग पर गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई, 859.650 लीटर विदेशी शराब बरामद; चालक गिरफ्तार, यूपी से मानसी ले जाई जा रही थी खेप
केटी न्यूज/डुमरांव
शराब तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रक के भीतर गुप्त तहखाना बना रखा था। बाहर से देखने पर ट्रक पूरी तरह खाली नजर आ रहा था, लेकिन उसके अंदर बने विशेष तहखाने में विदेशी शराब की बड़ी खेप छिपाकर ले जाई जा रही थी। कोरान सराय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तस्करों की इस चाल का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कोरान सराय-मठिला मार्ग से शराब लदे ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक से कुल 859.650 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार चालक की पहचान कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के बड़का ढकाईच गांव निवासी जितेंद्र पासवान, पिता स्वर्गीय हरिनारायण पासवान के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, कोरान सराय थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार को शराब की खेप लेकर एक ट्रक गुजरने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और कोरान सराय-मठिला मार्ग पर वाहन जांच शुरू कर दी। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक बाहर से खाली दिखाई दे रहा था, जिससे शुरुआती जांच में उसमें शराब होने का संदेह नहीं हुआ। हालांकि, चालक की घबराहट और संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस का शक गहरा कर दिया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक की गहन तलाशी ली। जांच के दौरान ट्रक के अंदर विशेष तरीके से तैयार किया गया गुप्त तहखाना सामने आया। तहखाने को खोलते ही उसमें छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस ने तत्काल चालक को हिरासत में लेकर ट्रक और शराब की खेप जब्त कर ली।

थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद शराब उत्तर प्रदेश से मानसी ले जाई जा रही थी। गिरफ्तार चालक के विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि चालक से पूछताछ के आधार पर शराब तस्करी के नेटवर्क और मुख्य तस्कर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मुख्य तस्कर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।





टिप्पणियां 0
टिप्पणी एडमिन की मंज़ूरी के बाद सबको दिखेगी। अभद्र भाषा का प्रयोग न करें।