अरियांव हत्याकांड में बड़ा एक्शन: मुख्य आरोपी धनु उपाध्याय पुलिस रिमांड पर
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के चर्चित अरियांव हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रवीण उपाध्याय उर्फ धनु उपाध्याय को पुलिस रिमांड पर लिया है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद बुधवार को बक्सर केंद्रीय कारा से आरोपी को कृष्णाब्रह्म थाना लाया गया, जहां अब उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान हत्या से जुड़े कई अहम राज खुल सकते हैं।
__ कोर्ट के आदेश के बाद जेल से थाने लाया गया आरोपी, श्वेता हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
केटी न्यूज/कृष्णाब्रह्म
कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के चर्चित अरियांव हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रवीण उपाध्याय उर्फ धनु उपाध्याय को पुलिस रिमांड पर लिया है। कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद बुधवार को बक्सर केंद्रीय कारा से आरोपी को कृष्णाब्रह्म थाना लाया गया, जहां अब उससे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान हत्या से जुड़े कई अहम राज खुल सकते हैं।बताया जाता है कि अरियांव गांव निवासी राजेश उपाध्याय की 18 वर्षीय पुत्री श्वेता कुमारी की 24 अप्रैल की दोपहर घर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना उस समय हुई जब हमलावरों ने दरवाजा खुलवाया और युवती को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और परिवार में कोहराम मच गया था।

इस जघन्य हत्या को लेकर मृतका के परिजनों की शिकायत पर स्थानीय थाना में तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई थी। घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी के पिता को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।पुलिस दबाव बढ़ने पर मुख्य आरोपी प्रवीण उपाध्याय उर्फ धनु ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने केस के कई अनसुलझे सवालों के जवाब तलाशने और वारदात की साजिश, हथियार व अन्य सहयोगियों की जानकारी जुटाने के लिए आरोपी को रिमांड पर लेने की अर्जी दाखिल की थी।

कोर्ट से स्वीकृति मिलने के बाद अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम घटना के पीछे की वजह, पूर्व विवाद, हमले की प्लानिंग और वारदात में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाने में लगी है।कृष्णाब्रह्म थानाध्यक्ष रवि कुमार ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुख्य आरोपी को थाना लाया गया है और नियमानुसार पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।अरियाव हत्याकांड में मुख्य आरोपी के रिमांड पर आने से अब पीड़ित परिवार और ग्रामीणों को उम्मीद जगी है कि श्वेता कुमारी को जल्द न्याय मिलेगा और पूरे मामले का सच सामने आएगा।

