नाकेबंदी में पुलिस की बड़ी कामयाबी: स्कॉर्पियो से 624 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, चालक गिरफ्तार
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अखौरीपुर गोला स्थित तिमुहानी के पास वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
__ अंधेरे का फायदा उठाकर एक तस्कर फरार, यूपी से बक्सर लाई जा रही थी खेप
केटी न्यूज/चौसा
बक्सर जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में शराब तस्करों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। अखौरीपुर गोला स्थित तिमुहानी के पास वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने एक स्कॉर्पियो से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद करते हुए चालक को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश की ओर से देवल-बनारपुर मार्ग होते हुए काले रंग की स्कॉर्पियो में शराब की बड़ी खेप बिहार लाई जा रही है। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस हरकत में आ गई और तिमुहानी के समीप नाकेबंदी कर सघन वाहन जांच शुरू कर दी गई।

जांच के दौरान संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर घबरा गया और वाहन को मुख्य सड़क छोड़ कच्चे रास्ते की ओर मोड़कर भागने लगा। इसके बाद पुलिस टीम ने सशस्त्र बल के साथ उसका पीछा शुरू किया। कुछ दूरी पर संकरी गली में स्कॉर्पियो फंस गई, जिसके बाद उसमें सवार दो लोग उतरकर भागने लगे।पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का लाभ उठाकर भाग निकला। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कोरानसराय थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव निवासी सुनील कुमार यादव के रूप में हुई है।थाने लाकर जब वाहन की तलाशी ली गई तो पुलिस भी बरामद शराब की मात्रा देखकर हैरान रह गई।

स्कॉर्पियो से 8 पीएम ब्रांड की 180 एमएल वाली 65 कार्टन में कुल 3120 बोतल, यानी 561.6 लीटर शराब बरामद हुई। इसके अलावा रॉयल स्टेज ब्रांड की 750 एमएल वाली 7 कार्टन में 84 बोतल, यानी 63 लीटर शराब भी जब्त की गई। कुल मिलाकर वाहन से 624.6 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई है।पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है। अधिकारियों ने बताया कि फरार तस्कर की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्रों से शराब तस्करी का नेटवर्क लगातार सक्रिय है, लेकिन पुलिस की इस कार्रवाई से तस्करों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने साफ किया है कि शराब तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

