उत्पाद टीम को रौंदने का दुस्साहस, बैरियर तोड़ भाग रहे शराब तस्कर डिवाइडर से टकराए
बक्सर में शराब तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा मंगलवार की शाम वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर हुई घटना से लगाया जा सकता है। शराब से लदी संदिग्ध गाड़ी को रोकने के प्रयास के दौरान तस्करों ने उत्पाद विभाग की टीम को ही रौंदने का दुस्साहस किया।

__ वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर मचा हड़कंप, वाहन छोड़कर फरार हुए तस्कर; गाड़ी से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद, रजिस्ट्रेशन नंबर से तलाश तेज
केटी न्यूज/बक्सर
बक्सर में शराब तस्करों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा मंगलवार की शाम वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर हुई घटना से लगाया जा सकता है। शराब से लदी संदिग्ध गाड़ी को रोकने के प्रयास के दौरान तस्करों ने उत्पाद विभाग की टीम को ही रौंदने का दुस्साहस किया। हालांकि, गनीमत रही कि इस घटना में उत्पाद विभाग की टीम के किसी भी सदस्य को चोट नहीं लगी। भागने की कोशिश में तस्करों की गाड़ी करीब 100 मीटर तक बैरियर को घसीटते हुए आगे बढ़ी, लेकिन बैरियर का हिस्सा वाहन के निचले हिस्से में फंस जाने के कारण तस्कर वाहन लेकर भागने में सफल नहीं हो सके।जानकारी के अनुसार, मंगलवार की शाम वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट पर उत्पाद विभाग की टीम नियमित जांच अभियान में जुटी थी। इसी दौरान टीम ने एक संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया।

बताया जाता है कि चालक ने रुकने के बजाय बैरियर को तोड़ते हुए वाहन को तेज गति से आगे बढ़ा दिया। इस दौरान बैरियर का एक हिस्सा वाहन के निचले हिस्से में फंस गया और गाड़ी उसे करीब 100 मीटर तक घसीटती चली गई।इसके बाद अनियंत्रित वाहन सड़क के डिवाइडर से जा टकराया और मौके पर ही रुक गया। वाहन रुकते ही उसमें सवार शराब तस्कर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद चेकपोस्ट पर अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। उत्पाद विभाग की टीम ने तत्काल वाहन की जांच की तो उसके अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।उत्पाद विभाग के अनुसार, शराब तस्करों ने चेकपोस्ट पर तैनात टीम को कुचलने की कोशिश कर गंभीर दुस्साहस का परिचय दिया है। हालांकि, संयोग से टीम के सभी सदस्य सुरक्षित रहे। विभाग ने घटना को बेहद गंभीरता से लिया है और फरार तस्करों की पहचान तथा गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।

कार्रवाई निरीक्षक मद्यनिषेध सह वीर कुंवर सिंह चेकपोस्ट प्रभारी कुंदन कुमार के नेतृत्व में की गई। उत्पाद विभाग ने बरामद वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक और उससे जुड़े लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। पुलिस और उत्पाद विभाग की टीम यह पता लगाने में जुटी है कि वाहन में शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।घटना ने एक बार फिर जिले में सक्रिय शराब तस्करों के बढ़ते दुस्साहस को उजागर कर दिया है। अब पुलिस और उत्पाद विभाग वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार तस्करों की तलाश में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

