शिक्षा मंत्री का इस्तीफा ,छात्रों के संघर्ष की जीत: पप्पू यादव
राजद के वरिष्ठ नेता एवं डुमरांव विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों और युवाओं के लंबे संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक और एनटीए की कार्यप्रणाली के खिलाफ देशभर में छात्रों द्वारा चलाए गए आंदोलन के दबाव में सरकार को यह फैसला लेना पड़ा।

केटी न्यूज/केसठ
राजद के वरिष्ठ नेता एवं डुमरांव विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सुनील कुमार यादव उर्फ पप्पू यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को छात्रों और युवाओं के लंबे संघर्ष की जीत बताया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं, पेपर लीक और एनटीए की कार्यप्रणाली के खिलाफ देशभर में छात्रों द्वारा चलाए गए आंदोलन के दबाव में सरकार को यह फैसला लेना पड़ा।उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के भविष्य के साथ लगातार खिलवाड़ करती रही है। परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा कमजोर हुआ है और सरकार इस पूरे मामले में अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रही है।उन्होंने कहा कि यह केवल एक मंत्री का इस्तीफा नहीं, बल्कि सरकार की प्रशासनिक विफलता और युवाओं के प्रति संवेदनहीन रवैये का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं के संघर्ष ने यह साबित कर दिया है कि लोकतंत्र में जनआवाज को लंबे समय तक दबाया नहीं जा सकता।उन्होंने छात्र आंदोलन की सराहना करते हुए कहा कि भीषण गर्मी, लाठीचार्ज और तमाम दबाव के बावजूद युवाओं ने अपना आंदोलन जारी रखा, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है। उन्होंने कहा कि जब तक परीक्षा प्रणाली पूरी तरह पारदर्शी नहीं बनती और पेपर लीक व अन्य अनियमितताओं के दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं होती, तब तक राजद छात्रों की लड़ाई में उनके साथ खड़ा रहेगा और सड़क से लेकर सदन तक उनकी आवाज उठाता रहेगा।

